बदायूं : इसी माह होगा टेंडर, मई में बन जाएगी मधुवन कॉलोनी की सड़क
शहर में स्टेशन रोड से हाइवे पर जाने वाले मार्ग पर कॉलोनी में जलभराव की समस्या

बदायूं, अमृत विचार। शहर की मधुवन कॉलोनी में अक्सर जलभराव की समस्या बनी रहती है। इस कारण सड़कें जर्जर हो गई है। दो महीने के भीतर समस्या दूर हो जाएगी। नगर पालिका इसी माह टेंडर निकालेगी और मई महीने तक सड़क ऊंची कराकर समस्या का निस्तारण किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन से एक रोड मधुवन कॉलोनी होते हुए बरेली हाइवे की ओर जाती है। कॉलोनी में प्रवेश करने के दौरान सड़क किनारे नालियां गहरी न होने की वजह से तकरीबन 70 मीटर सड़क पर जलभराव रहता है। यहां दो डिप खुले होने से हादसे होते हैं। कई बार की शिकायत के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं किया गया। कॉलोनी के लोगों ने डीएम से शिकायत की तो दिसंबर 2024 में सिटी मजिस्ट्रेट ने मौका मुआयना किया था। नगर पालिका के जेई को निर्देशित करने के बाद अगले दिन नालियों की सफाई हुई। नालियों का पानी जाने वाले तालाब को भी साफ किया गया। कुछ दिन आराम मिलने के बाद फिर से जलभराव हुआ। पालिका ने मशीन से पानी खींचकर दूर ले जाकर नाले में छोड़ा, लेकिन समस्या का स्थाई समाधान नहीं हुआ है। अब नगर पालिका ने समस्या दूर करने की तैयारी की है। इसी महीने में टेंडर निकाला जाएगा। नियमानुसार 21 दिनों के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू करने के बाद सड़क ऊंची कराई समस्या दूर कराई जाएगी।
बीमार होने का सताता है डर
जलभराव की शिकायत के बाद नगर पालिका के कर्मचारी आकर सफाई करते हैं। जिसके बाद सड़क का पानी नालियों से होते हुए तालाब में चला जाता है लेकिन किनारे पर कीचड़ पड़ी रहती है। जिसकी वजह से मच्छर पनपने और बीमार होने का डर बना रहता है।
18 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क
काफी समय से इंद्राचौक से रेलवे स्टेशन मार्ग की सड़क खस्ताहाल थी। अक्सर वाहन चालक गिरकर घायल हो जाते थे। जिसके चलते नगर पालिका चेयरमैन फात्मा रजा ने 18 लाख रुपये की लागत से सड़क बनवाई है। जिसके बाद से सड़क पर आवागमन दुरुस्त हो गया है।
लोगों ने बयां किया दर्द
कॉलोनी तो शहर की है लेकिन इसकी समस्या से किसी को सरोकार नहीं लग रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या दूर नहीं की जा रही है। - धर्मेंद्र सक्सेना
सड़क बनवाने के आश्वासन तो बहुत मिले हैं लेकिन अब जब सड़क का निर्माण पूरा होगा तभी जाकर आराम मिलेगा। निर्माण कार्य का इंतजार किया जा रहा है। - बंटी
नगर पालिका से कई बार शिकायत की गई। पालिका कर्मचारी आकर नालियों की सफाई करते हैं तो परेशानी देर होती है लेकिन बाद में फिर से जलभराव होता है। - अंकित राठौर
समस्या का निस्तारण होने तक नगर पालिका की किसी बात का भरोसा नहीं करेंगे। स्थाई समाधान होने पर ही मानेंगे कि पालिका कुछ कर रही है। - मोहित
मधुवन कॉलोनी में जलभराव की समस्या संज्ञान में है। अप्रैल महीने में ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने के बाद समस्या दूर कराई जाएगी। मई तक निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा। - फात्मा रजा, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद
ये भी पढ़ें - बदायूं: सिपाही से मारपीट करने की 6 आरोपी महिलाओं समेत 9 गिरफ्तार