कासगंज: एक तरफ देउरईया कांड का मुद्दा...दूसरी तरफ मुख्यमंत्री दौरे की सुगबुगाहट, तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन

Amrit Vichar Network
Published By Preeti Kohli
On

कासगंज, अमृत विचार: एक ओर जहां देउरईया में हुए बवाल का मामला प्रशासन के लिए सिरदर्द बना हुआ है और यह घटना अब राजनीतिक रंग ले चुकी है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे की सुगबुगाहट तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के दौरे की संभावित तिथि 12 मई मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री के दौरे की आशंका को लेकर प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गए हैं। जिला प्रशासन और भाजपा की जिला इकाई इस संभावित दौरे को लेकर सक्रिय हो गई हैं। हालांकि मुख्यमंत्री के आगमन का अब तक कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है, लेकिन प्रशासनिक सक्रियता और प्राप्त जानकारियों के अनुसार, उनका दौरा 10 मई के बाद कभी भी हो सकता है।

इस प्रस्तावित दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नव निर्मित पुलिस लाइन भवन का लोकार्पण करेंगे। साथ ही जनपद को कई और सौगातें भी मिल सकती हैं। वह जिले में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर सकते हैं। शासन की ओर से मुख्यमंत्री के दौरे के संबंध में जानकारी जिला प्रशासन से मांगी गई है, जिन्हें नियमित रूप से मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजा जा रहा है।

जिलाधिकारी मेधा रूपम और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस लाइन का दौरा कर कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का जायजा ले लिया है। मंगलवार को भी प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और नगर पालिका के अधिकारी तैयारियों में व्यस्त रहे। वहीं भाजपा भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाने में जुटी हुई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित है और वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। जनसभा के लिए स्थल चयन की प्रक्रिया जारी है। 

ये भी पढ़ें- कासगंज: समुदाय विशेष के युवक का विवादित पोस्ट वायरल होने पर फैला आक्रोश

संबंधित समाचार