पीलीभीत: लूट का विरोध करने पर की गई थी अर्जुन की हत्या...पुलिस ने दो को भेजा जेल
पीलीभीत, अमृत विचार: लूट का विरोध करने पर कैंचूटांडा गांव के रहने वाले अर्जुन की हत्या की गई थी। सुरागरसी के बाद पुलिस ने इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक की जींस और हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद किया।
अमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम कैंचूटांडा के निवासी बाबूराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनके भांजे अर्जुन के पास उन्नीस बीघा का खेत था। भांजे ने अभी बीस दिन पहले ही अपनी जमीन बेच दी थी। सात मार्च की रात को अज्ञात लोगों ने भांजे को धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया।
वह लहूलुहान हालत में घर में पड़ा मिला। गांव के ही कुछ लोगों ने उसे सीएचसी भर्ती कराया। वहां से हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में जानलेवा हमला करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। घायल अर्जुन की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं तरमीम कर छानबीन शुरू कर दी थी। कई दिन तक चली सुरागरसी के बाद पुलिस ने गांव के ही वसीम पुत्र शेर खां और फुरकान उर्फ आमिर पुत्र जमाल शाह को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइन और मृतक अर्जुन की पैंट बरामद की।
अमरिया इंस्पेक्टर प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि सात मार्च की रात करीब 12.30 बजे आरोपी मृतक के घर में घुसे और तकिये के नीचे रखा मोबाइल उठाने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच अर्जुन जाग गया और मारपीट होने लगी। इस दौरान आरोपी आमिर ने लोहे के पाइप मारे और अर्जुन का मोबाइल व जींस लेकर छत की तरफ भाग गया।
जींस में 15 हजार रुपये थे। दूसरे आरोपी ने भी पाइप से वार किया था। इसके बाद लूटा गया मोबाइल नहर के बहते पानी में फेंक दिया था और जींस व लोहे का पाइप मजार की तरफ जाने वाले सड़क पर झाड़ियों में छिपा दिए थे। एएसपी विक्रम दहिया ने पुलिस लाइन स्थित कार्यालय में घटना का खुलासा किया। जिसके बाद दोनों आरोपियों को चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: आयुर्वेदिक कार्यालय के कर्मचारियों में मारपीट, कनिष्ठ सहायक पर FIR
