मुरादाबाद: शिक्षक एमएलसी चुनाव में 73.07 फीसदी मतदान, तीन दिसंबर को होगी मतगणना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद मंडल में होने वाले शिक्षक एमएलसी चुनाव में मंगलवार को शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो गया। मुरादाबाद के दस मतदान केंद्रों पर बने 12 बूथों पर मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। सुबह आठ से शाम पांच बजे तक चले मतदान में जिले में 73.07 फीसदी मतदान हुआ। देर शाम कड़ी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद मंडल में होने वाले शिक्षक एमएलसी चुनाव में मंगलवार को शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो गया। मुरादाबाद के दस मतदान केंद्रों पर बने 12 बूथों पर मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।

सुबह आठ से शाम पांच बजे तक चले मतदान में जिले में 73.07 फीसदी मतदान हुआ। देर शाम कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटियों को सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित स्ट्रांग रूम में भेज दिया गया। 15 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला इन मतपेटियों में बंद हो गया। सुरक्षा के लिहाज से स्ट्रांग रूम के बाहर फोर्स की तैनाती कर दी गई है। तीन दिसंबर को मतगणना होगी।

इस बार शिक्षक एमएलसी चुनाव में 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। मंगलवार को दोनों मंडल के जिलों में मतदान हुआ। मुरादाबाद जिले के 12 बूथों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। कोहरे और ठंड के कारण मतदान की रफ्तार काफी सुस्त रही। सुबह दस बजे तक पूरे जिले में केवल 7.76 फीसदी मतदान हुआ।

हालांकि दस बजे के बाद धूप निकलने पर मतदान का प्रतिशत भी बढ़ गया। दोपहर 12 बजे तक मतदान का प्रतिशत 28.78 फीसदी पहुंच गया। इसके बाद बूथों पर मतदाताओं की कतार नजर आने लगी। दोपहर दो बजे तक 50.97 फीसदी मतदान होने से प्रत्याशियों ने भी राहत की सांस ली।

इसके बाद दोपहर तक बूथों पर मतदाता अपने मत का प्रयोग करने के लिए इंतजार करते नजर आए। शाम चार बजे तक यह आंकड़ा 68.05 फीसदी तक पहुंच गया। शाम होने के साथ ही एक बार रफ्तार फिर सुस्त हो गई। निर्धारित वक्त तक पूरे जिले में ओवरआल 73.07 फीसदी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।

मतदान पूरा होने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटियों को सील कर स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया। वहीं मतदान के दौरान सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त रहे। डीएम राकेश कुमार सिंह पुलिस अफसरों के साथ लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। शांतिपूर्वक मतदान सफल होने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।

मुरादाबाद जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि सभी केंद्रों पर शांतिपूर्वक तरीके से मतदान संपन्न हो गया है। पूरे जिले में करीब 73.07 फीसदी मतदान हुआ है। स्ट्रांग रूम पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम है। तीन दिसंबर को मतगणना होगी।

गुनगुनी धूप के साथ ही बढ़ता गया मतदान का प्रतिशत
शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदाताओं ने भी जोश दिखाया। सुबह को पड़ने वाली ठंड के बाद जब गुनगुनी धूप निकलनी शुरू हुई तो अचानक मतदान के आंकड़ों में इजाफा होने लगा। जहां सुबह आठ बजे से शुरू हुए मतदान में बूथों पर इक्का-दुक्का मतदाता नजर आ रहे थे, वहीं दोपहर को लंबी कतार नजर आने लगी।

गुनगुनी धूप के बीच बूथों पर मतदाताओं की भीड़ देखकर प्रत्याशियों के चेहरों पर भी रौनक नजर आने लगी। हालांकि दोपहर तीन बजे के बाद फिर से भीड़ कम होने लगी, लेकिन निर्धारित वक्त तक मतदाता अपने मत का प्रयोग करते नजर आए। इस दौरान प्रत्येक बूथ पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहीं। अफसर भी लगातार निरीक्षण कर शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने के निर्देश देते रहे।

शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदान की तारीख मुकर्रर होने के बाद सरकारी मशीनरी एक्टिव हो गई थी। इस बार 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान के लिए दस मतदान केंद्रों पर 12 बूथों का चयन किया गया था। इस चुनाव में जिले के 5475 मतदाताओं को अपने मत का प्रयोग करना था। सुरक्षा के लिहाज से मतदान केंद्रों पर थाना पुलिस के अलावा करीब 150 अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। पोलिंग पार्टियों को सोमवार को ही मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया था।

मतदान में सामाजिक दूरी की खूब उड़ी धज्जियां
शिक्षक एमएलसी चुनाव में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ी रही। ऐसे में मतदान करने पहुंचे कुछ मतदाता कोरोना के नियमों का पालन करते नजर आए तो कही खूब जमकर सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ी। हालांकि मतदाताओं ने मास्क का तो प्रयोग किया, लेकिन इस बीच सामाजिक दूरी का पालन करना भूल गए।

ऐसे में केंद्रों पर ड्यूटी कर रहे कर्मियों ने मतदाताओं को सामाजिक दूरी का पालन करने की हिदायत दी। इसके साथ ही कोरोना को देखते हुए मतदान केंद्रों पर सेनेटाइज, थर्मल स्क्रिनिंग और मास्क लगाने के बाद ही मतदाताओं को प्रवेश देने के साथ-साथ मतदाताओं को हाथों में पहनने के लिए दस्ताने भी दिए गए,ताकि संक्रमण से बचा जा सके।

तहसील और ब्लाक मुख्यालय में बने बूथ
जिले में एमएलसी चुनाव में मतदान के लिए सेंटरों में 12 बूथ बनाए गए थे। जिसमें जनपद की चार तहसील कांठ, सदर, बिलारी और ठाकुरद्वारा तहसील परिसर में एक-एक बूथ बनाए गए। इसके साथ ही जिले के आठ ब्लाक कार्यालय में एक-एक बूथ बनाया गया। वहीं एक अतिरिक्त बूथ मंडी समिति में भी बनाया गया था।

संबंधित समाचार