Lucknow News : रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा हुक्का बार, दो कर्मचारी गिरफ्तार, संचालक की तलाश

Lucknow News : रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा हुक्का बार, दो कर्मचारी गिरफ्तार, संचालक की तलाश

Action on hookah bars :अकबरी गेट स्थित इरफानिया मदरसे के सामने बिल्डिंग में रेस्टोरेंट में चल रहे हुक्का बार पर शनिवार देर रात चौक पुलिस ने छापा मारा। पुलिस को देखते ही लोग भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर रेस्टोरेंट के दो कर्मचारियों को पकड़ लिया। हुक्का बार से 5 हुक्का, चिलम, 16 पाइप और फ्लेवर तंबाकू पुलिस ने बरामद किया है। हुक्का बार का संचालन करने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है।

डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार देर रात सूचना मिली कि इरफानिया मदरसे के सामने स्थित बिल्डिंग में रेस्टोरेंट में हुक्का बार चल रहा है। सूचना पर इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय ने टीम के साथ छापेमारी की। पुलिस ने घेरकर दो लोगों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम पिंकू पाल निवासी अहमदगंज दौलतगंज ठाकुरगंज और कमलेश यादव निवासी गौरभीट चौराहा फैजुल्लागंज मड़ियांव बताया। घेराबंदी के दौरान संचालक अयाज भागने में सफल हो गया। इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय ने बताया कि रेस्टोरेंट की चल रहे हुक्का बार की शिकायत स्थानीय लोगों ने की थी। उपनिरीक्षक गौरव बाजपेयी ने चौक कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

आमदनी बढ़ाने के लिए शुरू किया

गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि आमदनी बढ़ाने के लिए संचालक अयाज ने रेस्टोरेंट में ही हुक्का बार खोल लिया था। जिसके बाद से लड़के-लड़कियों की आमद बढ़ गई। रेस्टोरेंट के मुकाबले हुक्का बार से मुनाफा भी बढ़ गया। पूछताछ में पता चला कि रेस्टोरेंट में आने वालों में छात्र भी शामिल हैं। जो बिना किसी रोकटोक के काफी देर तक बार में समय गुजारते हैं।

लाइसेंस होने का देता था झांसा

18 से कम उम्र के व्यक्ति को तंबाकू उत्पाद की बिक्री करना मना है। इस नियम की अनदेखी रेस्टोरेंट में की जा रही थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि संचालक अयाज कम उम्र के लड़कों और छात्रों को हुक्का बार का लाइसेंस होने का झांसा देता था। कई बार स्कूल ड्रेस में भी आने वाले छात्रों को प्रवेश दिया जा रहा था।

यह भी पढ़ें:- लखनऊ : स्पा में 15 लाख के जेवर गायब, कर्मचारियों पर आरोप