बाराबंकी : नेशन फर्स्ट का भाव लेकर राष्ट्र निर्माण में जुटें युवा, प्रतिभा सम्मान समारोह में पहुंचे जलशक्ति मंत्री

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

बाराबंकी : जीआईसी ऑडिटोरियम में जुटे जिले भर के मेधावियों से मिलकर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री उत्साहित हो उठे। मेधावियों से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के अंदर कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। इसलिए विद्यार्थियों को अपने अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारना होगा ताकि राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें।

विद्यार्थियों को उत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना लेकर आगे बढ़िए और भारत को विश्वगुरु बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कीजिए। जलशक्ति मंत्री शनिवार को जीआईसी  ऑडिटोरियम में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने मेधावियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आप सभी देश के अनमोल रत्न हैं। हमें पूरा भरोसा है कि राष्ट्र को नई दिशा देने में आपकी प्रतिभा का भरपूर सहयोग मिलेगा। बतौर मुख्य वक्ता बोलते हुए अभाविप की प्रांत उपाध्यक्ष प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने कहा कि अभाविप विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है जो अपने स्थापना वर्ष 1948 से ही राष्ट्रवादी मुद्दों को लेकर कई आंदोलनों में सहभागी रहा है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थी पढ़ने का कार्य करते हैं जबकि अभाविप उन्हें गढ़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को राष्ट्रहित के मामलों में मुखर होना चाहिए। उन्होंने मेधावियों को कठिनाइयों का डटकर सामना करते हुए लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रयासरत रहने की सलाह दी। नगर उपाध्यक्ष बलराम तिवारी ने प्रस्ताविकी प्रस्तुत की। संगठन के नगर मंत्री विकास वर्मा ने अभाविप की कार्यशैली से मेधावियों को परिचित कराया। अभाविप के पूर्व कार्यकर्ता अजीत प्रताप सिंह ने राष्ट्र पुनर्निर्माण में अपना अमूल्य सहयोग देने का विद्यार्थियों से आह्वान किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष विजय आनंद बाजपेई ने सभी को आभार ज्ञापित किया। इस अवसर पर हाइस्कूल से परास्नातक तक के 1580 विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रांत संगठन मंत्री अंशुल विद्यार्थी, सह विभाग प्रचारक अमरजीत, फार्मा विजन राष्ट्रीय सह संयोजक आकाश पटेल, विभाग प्रमुख डॉ पीजे पांडे, विभाग संयोजक आदर्श सिंह, जिला प्रमुख डॉ अजय कुमार वर्मा, जिला संयोजक योगेश सिंह, आयुष वर्मा, स्तुति तिवारी, प्रांशी बाजपेई, अमिषा वर्मा, अदिति भार्गव, निदा, साक्षी वर्मा, आशीष मिश्रा, अभय यादव, आदर्श, प्रिंशी सिंह, श्रुति शुक्ल, काजल रावत, अभय शुक्ल, शुभम वर्मा, विभु पाठक, रचना, कामिल, अभय राम त्रिपाठी, अलका सिंह और जिज्ञासा गुप्ता समेत अन्य मौजूद रहे।

स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलें छात्र- सतीश शर्मा

सतीश शर्मा (1)

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सुमेरगंज में मेधावी छात्र अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य इं. अवनीश कुमार सिंह पटेल ने किया। राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा और विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के टॉप 10 छात्र-छात्राओं को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश बोर्ड की हाई स्कूल परीक्षा में प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले अभिषेक कुमार यादव और जनपद में दसवां स्थान प्राप्त करने वाले छात्र शुभ को उनके अभिभावकों के साथ सम्मानित किया गया।

अभिषेक यादव को विद्यालय की तरफ से 11000 व शुभ को 5100 का नकद पुरस्कार दिया गया। इंटरमीडिएट में विद्यालय टॉपर आशुतोष शुक्ला को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अवनीश पटेल ने छात्रों के सपनों को पूरा करने में शिक्षक और माता-पिता के योगदान पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने छात्रों को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने और समय का सदुपयोग करने की सलाह दी। एमएलसी अंगद सिंह ने मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए छात्रों को प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता टिकैतनगर चेयरमैन जगदीश प्रसाद गुप्त ने की।

जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी, प्रबंधक राजकुमार शर्मा और प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार शुक्ल भी मौजूद रहे। संस्कृत ज्ञान परीक्षा के टॉपर और शिक्षण में विशेष योगदान देने वाले आचार्यों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य विनोद कुमार शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में सह विभाग कार्यवाह वीरेंद्र प्रताप सिंह समिति के सदस्य लक्ष्मी शंकर गुप्त, डॉक्टर अरुण कुमार अवस्थी, अभिभावक, सभी आचार्य व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े- अयोध्या : अवध विवि में अतिरिक्त फीडर व तालाब निर्माण का ओएमयू

संबंधित समाचार