अमरोहा: एमएलसी चुनाव में 83.22 प्रतिशत मतदान, तीन दिसंबर को होगी मतगणना
अमरोहा, अमृत विचार। कड़ी सुरक्षा के बीच शिक्षक विधायक का मतदान संपन्न हो गया। जिले भर में करीब 83.22 प्रतिशत मतदान हुआ। उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया।जिन्हें पुलिस सुरक्षा में बरेली पहुंचाया जाएगा। मतगणना तीन दिसंबर को बरेली में होगी। जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और वोटरों से कोरोना नियमों …
अमरोहा, अमृत विचार। कड़ी सुरक्षा के बीच शिक्षक विधायक का मतदान संपन्न हो गया। जिले भर में करीब 83.22 प्रतिशत मतदान हुआ। उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया।जिन्हें पुलिस सुरक्षा में बरेली पहुंचाया जाएगा। मतगणना तीन दिसंबर को बरेली में होगी।
जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और वोटरों से कोरोना नियमों का पालन करने की अपील की। हालांकि मतदान केंद्रों पर सफेद रंग से गोले बनाए गए थे। जिन्में वोटर खड़ा होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। मतदान केंद्रों पर थर्मल स्क्रीनिंग भी की गई और मास्क व सेनेटाइजर का भी प्रबंध रहा।
मंगलवार को सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक वोट डाले गए। इस चुनाव में शिक्षक अपना प्रतिनिधि चुनने के लिए अपने मतदान का प्रयोग करते है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। जिले में ब्लाक गजरौला, हसनपुर, मंडी धनौरा, जोया, गंगेश्वरी और अमरोहा ब्लाक में दो मतदान केंद्र बनाए गए थे। जहां पर अध्यापकों ने अपने मत का प्रयोग किया। जिले में कुल 3779 मतदाता हैं,जिनमें से 3145 शिक्षकों ने वोट डाले।
जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने विकासखंड अमरोहा में बनाए गए बूथ का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और मतदान कर रहे शिक्षकों से सोशल डिस्टेंसिंग मास्क सेनेटाइजर का प्रयोग अवश्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी, उप जिला अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली को निर्देश दिया कि भीड़ एकत्र ना हो।
सोशल डिस्टेंसिंग के संबंध में किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। आने वाले सभी मतदाताओं को सबसे पहले हाथ सेनेटाइज कराएं। इसके बाद मतदान केंद्र में प्रवेश दिया जाए। मतदान केंद्र में बिना मास्क के कोई व्यक्ति अंदर नहीं जाना चाहिए। जनपद में विधान परिषद बरेली खंड शिक्षक निर्वाचन का मतदान हुआ। सभी मतदान केंद्रों पर मतदान को शांतिपूर्वक एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के नेतृत्व में भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। मतपेटियों को बरेली भेजा जा रहा है।
इस तरह बढ़ा मतदान का प्रतिशत
8 से 10 बजे तक मतदान प्रतिशत 8.49
10 से 12 बजे तक 28.89 प्रतिशत
12 से 2 बजे तक 57.15 प्रतिशत
2 से 4 बजे तक 76.42 प्रतिशत
5 बजे तक 83.22 प्रतिशत
शांतिपूर्वक हुआ मतदान
मंडी धनौरा। मंगलवार को धनौरा ब्लॉक कार्यालय में शिक्षक एमएलसी चुनाव का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मतदान केंद्र पर भारी पुलिस बल के साथ ही पीएसी भी तैनात की गई। एसडीएम विवेक यादव ने मतदान केंद्रों पर पहुंच कर सुरक्षा एवं व्यवस्था का जायजा लिया मतदान केंद्र के पास केवल मतदाता व एजेंट को ही जाने दिया गया। धनौरा में कुल 698 वोटों में से 569 वोट पडे। जिन मतदाताओं के पास मास्क नहीं था उन्हें मास्क उपलब्ध कराने के बाद ही मतदान करने के लिए अंदर भेजा गया। साथ मतदान केंद्र पर मेडिकल टीम द्वारा थर्मल स्कैनिंग की जा रही थी ।
हसनपुर में 389 मतों में से 324 मत पड़े
हसनपुर। शिक्षक विधान परिषद चुनाव के शांतिपूर्वक तरीके से निपट जाने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है। मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशियों के बड़े-बड़े पंडाल लगे हुए थे। मंगलवार की सुबह से ही ब्लॉक स्थित मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशी के समर्थकों ने पंडाल लगाकर उसमें वोटरों की पर्चीयां बनानी शुरू कर दी। सपा, भाजपा,कांग्रेस समेत निर्दलीय प्रत्याशियों के पंडालों में बकायदा खानपान की व्यवस्था समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के लिए की गई थी।
हालांकि भाजपा प्रत्याशियों के कार्यालय में सोशल डिस्टेंसिंग की भी जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही थी। वहां बैठे अधिकतर कार्यकर्ताओं के चेहरों पर न तो मास्क लगे हुए थे और न हीं वह सेनेटाइजर का इस्तेमाल हो रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रत्येक मतदाता की थर्मल स्क्रीनिंग एवं हाथों को सेनेटाइज कराया। बिना आईडी के किसी को भी मतदान केंद्र के भीतर पुलिस ने नहीं जाने दिया। हसनपुर मतदान केंद्र पर वोटर अपनी आईडी घर छोड़ आयी। जब उन्होंने अपने मोबाइल में ओरिजिनल आईडी दिखाने का अधिकारियों को प्रयास किया तो उन्होंने मतदान करने से स्पष्ट इंकार कर दिया। उसके बाद महिला मतदान केंद्र में हंगामा काटने लगी।
सीओ सतीश चंद पांडे ने उन्हें समझा कर शांत कर दिया। जिला अधिकारी उमेश मिश्र ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। 389 मतदाताओं में से कुल 324 मतदाताओं ने चुनाव में मतदान किया। जिसमें से 237 पुरुष एवं 87 महिला मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया
शिक्षक विधायक चुनाव को मतदान केंद्रों पर लगी रही लाइन
गजरौला। शिक्षक विधायक चुनाव में 471 मतदाताओं ने वोट डाले। जबकि पोलिंग बूथ पर 605 मतदाता पंजीकृत थे। सुबह के समय मतदान केंद्र पर सन्नाटा पसरा रहा। जबकि दोपहर को मतदाताओं की भीड़ लगी गई। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मतदान किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्र का निरीक्षण भी किया।
गजरौला के ब्लाक कार्यालय में बने मतदान केंद्र पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। सुबह दस बजे तक बहुत कम मतदाता वोट डालने पहुंचे। जिसमें करीब 50 वोट ही डल पाए थे लेकिन दस बजे के बाद मतदाताओं की भीड़ बढ़नी शुरू हो गई। दोपहर 12 बजे 50 से अधिक मतदाता मतदान लाइन में लगे दिखाई दिए। शाम सवा पांच बजे के करीब पोलिंग पार्टी मतपत्र की पेटी लेकर जमा करने के लिए रवाना हो गई। गजरौला के ब्लाक कार्यालय में बने मतदान केंद्र पर वोट डालने से पहले मतदाता की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। जिस मतदाता के पास मास्क नहीं था। उन्हें मास्क लगाकर ही पोलिंग बूथ के अंदर भेजा गया।
मतदान केंद्र पर डटे रहे पार्टी कार्यकर्ता
रहरा। एमएलसी के चुनाव के दौरान गंगेश्वरी ब्लॉक में विधायक महेंद्र सिंह खड़गबंशी, एमएलसी उम्मीदवार डॉ हरिसिंह ढिल्लो, उदय गिरी गोस्वामी, रामपाल सिंह खड़गवंशी, सदस्य जिला पंचायत, सुरेश चंद शर्मा, प्रमोद त्यागी, चंद्रपाल सैनी, मंडल अध्यक्ष शिव कुमार, रतनलाल शर्मा, गंगेश्वरी ब्लाक प्रमुख पति अशोकनागर मौजूद रहे। एमएलसी चुनाव में टोटल 340 वोटों में 306 वोट पड़े। यह जानकारी सेक्टर मजिस्ट्रेट तहसीलदार हसनपुर भूपेंद्र सिंह ने दी।
विनय कुमार, एडीएम अमरोहा ने कहा कि जिले भर में शिक्षक विधायक चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। जिले में 83.22 प्रतिशत मतदान हुआ। कड़ी सुरक्षा में मतपेटियों को बरेली भेजा जा रहा है। तीन दिसंबर को वेाटों की गिनी होगी।
