कासगंज में भी आंधी का कहर: जनपद में आंधी बारिश से अलग-अलग स्थानों पर पांच लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

दीवार गिरने, टीन शेड उखड़ने व अन्य हादसों में कई लोग हुए घायल

कासगंज, अमृत विचार। बुधवार की देर रात्रि जनपद में आंधी व बारिश कहर बन कर आए। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में पांच लोग काल के गाल में समा गए। पांच लोगों की मौत से कोहराम मच गया। सभी का पोस्टमार्टम कराया गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

केस 1
ग्राम किलोनी रफातपुर निवासी 35 वर्षीय अशोक गोला पुत्र राजेंद्र गोला बुधवार की रात्रि छत पर सो रहा था। छत के किनारे लगभग छह फुट की दीवार थी। आंधी में दीवार भरभरा कर गई और मलबे में अशोक दब गया। परिजन व ग्रामीण एकत्रित हो गए। उसे मलबे से निकालकर जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उसके परिजनों में कोहराम मच गया। उसकी मौत से दो बेटे व दो बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया।

केस 2
सहावर क्षेत्र के ग्राम जमालपुर निवासी 42 वर्षीय दिव्या लोधी पत्नी नरेंद्र लोधी छत पर सो रहीं थीं। तभी आंधी में पड़ोसी की सोलर प्लेट उड़ और उसके सिर पर गिर गई। जिससे वह गंभीर घायल हो गई। परिजनों ने सहावर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतिका रोजगार सेवक थी। उसके एक बेटी व दो बेटे हैं। 

केस 3
अमांपुर क्षेत्र के नगला चमन निवासी 65 वर्षीय श्यामादेवी पत्नी झम्मन लाल घर में सो रहीं थी। बारिश और आंधी में मकान की दीवाल गिर गई। दीवाल के मलबे में श्यामादेवी दब गईं। दीवाल गिरते ही परिजन व अन्य ग्रामीण एकत्रित हो गए। उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब उनकी मौत हो चुकी थी। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

केस 4
सहावर क्षेत्र के ग्राम मंडनपुर निवासी 55 वर्षीय सुरेश पुत्र रक्षपाल रात्रि में गर्मी के कारण मकान की छत पर सो रहे थे। जब आंधी व बारिश हुई तो वह छत से उतरने लगे और अंधेरे के चलते गली में गिर गए। उन्हें परिजन गंभीर स्थिति में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

केस 5
अमांपुर क्षेत्र के ग्राम सेविका निवासी 72 वर्षीय सुशीला छत पर सो रहीं थी। आंधी बारिश आने के कारण जब वह छत से उतरकर नीचे आ रहीं थी तभी वह गिर गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के द्वारा मृतिका का पोस्टमार्टम एवं पुलिस कार्रवाई नहीं कराई गई है। 

आंधी के कारण हादसों में ये हुए घायल, अस्पताल में कराया भर्ती
आंधी के कारण जनपद में विभिन्न स्थानों पर घटनाएं हुईं। जिसमें कई लोग घायल हो गए। इन घायलों में  27 वर्षीय रेशमा पत्नी श्याम सुंदर निवासी गोरहा, अमांपुर क्षेत्र के ग्राम जखा निवासी 33 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह पुत्र विजयपाल सिंह, 30 वर्षीय नीरज देवी पत्नी धर्मेंद्र, 18 वर्षीय माधुरी पत्नी भानु प्रताप, 10 वर्षीय अभय प्रताप सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह, ढोलना में 53 वर्षीय प्रीतम सिंह तोताराम, 50 वर्षीय करण सिंह पुत्र तोताराम, सोरोंजी क्षेत्र के गांव महाराजपुर निवासी 31 वर्षीय संतोष पुत्र हरि सिंह, सदर कोतवाली क्षेत्र निवासी भिटौना 55 वर्षीय रामदास पुत्र भूदेव,  कुंवरपुर निवासी 70 वर्षीय धनवंती पत्नी नेकराम, नगला बंजारा निवासी प्रीतम सिंह पुत्र गोपाल सिंह, किसरौली निवासी 40 वर्षीय देवकीदेवी पत्नी राजपाल, ढोलना क्षेत्र के गांव कोटरा निवासी चरन पुत्र किशोरीलाल, सहावर गेट नगला बीच निवासी 62 वर्षीय रमेशचंद्र पुत्र रोहन सिंह व उनकी 60 वर्षीय पत्नी मालतीदेवी, सोरोंजी के ग्राम कुमरौआ निवासी 60 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र लक्ष्मण सिंह, 60 वर्षीय धनवंती पत्नी नेकराम सहित अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

जनपद में आंधी के चलते हुई क्षति का आंकलन किया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा के तहत नियमानुसार मदद दिलाई जाएगी। - मेधा रूपम, जिलाधिकारी कासगंज।

ये भी पढ़ें - कासगंज : आंधी से लगभग डेढ़ सौ से अधिक पोल टूटे, शहर में हुआ ब्लैकआउट

संबंधित समाचार