लखीमपुर खीरी: फेरे लेने के बाद दुल्हन ने ससुराल जाने से किया मना...जानिए क्यों तोड़ दिया रिश्ता

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर में सात फेरे लेने के बाद दुल्हन के ससुराल जाने से मना करने का मामला सामने आया है। कोतवाली पहुंचे दोनों पक्षों ने आपसी सुलह समझौता कर रिश्ता तोड़ दिया। यह मामला पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।
 
शहर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी चंडीगढ़ निवासी करनजीत के साथ तय की थी। तीन महीने पहले रिश्ता तय होने के बाद तिलक हुआ। शादी और विदाई की तारीख तय हुई।  दूल्हा अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ करीब एक सप्ताह पहले ही लखीमपुर आ गया था। 23 मई को शहर के एक मैरिज हाल में शादी समारोह आयोजित हुआ। गाजे बाजे के साथ दूल्हा बारात लेकर मैरिज हाल पहुंचा। 

देर शाम जयमाला हुआ और उसके बाद शादी की रस्में पूरी हुईं। बताते हैं कि सात फेरे लेने के बाद अचानक दुल्हन ने दूल्हे पक्ष के लोगों पर नशे की हालत में गाली गलौज करने का आरोप लगाते हुए ससुराल जाने से साफ इंकार कर दिया। इससे दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया। लोगों ने दुल्हन को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी और रिश्ता तोड़ने की बात तक कह डाली। 

दुल्हन किसी भी हाल में ससुराल जाने को तैयार नहीं हुई। मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को कोतवाली लेकर आई। घंटों चली वार्ता के बाद सामान वापस करने की बात पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के साथ रिश्ता तोड़ दिया। शहर कोतवाल हेमंत राय ने बताया कि लड़की किसी भी हाल में जाने को तैयार नहीं थी। इस पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और दोनों ने रिश्ता तोड़ दिया है।

संबंधित समाचार