700 उपनल कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार:  चार माह से वेतन नहीं दिए जाने से नाराज डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में कार्यरत उपनल कर्मचारियों ने सोमवार को कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान कामकाज ठप रहा और उपनल कर्मचारियों ने अस्पताल प्रबंधन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने शीघ्र वेतन देने की मांग की।

सुशीला तिवारी अस्पताल में कार्यरत करीब 700 कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों ने कहा कि वह पिछले 20 सालों से अधिक समय से सुशीला तिवारी हॉस्पिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन पिछले चार महीने से उनको वेतन नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों की सेवा के बावजूद उन्हें अभी तक स्थाई नियुक्ति नहीं मिली है जबकि बहुत से कर्मचारी अब सेवानिवृत्त होने की उम्र में आ चुके हैं। 
कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इसका सीधा असर इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से प्रशासन और सरकार की होगी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को समर्थन देने पूर्व दर्जा मंत्री और राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु भी पहुंचे। इधर, राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी का कहना है कि कर्मचारियों को करीब 4 महीने से वेतन नहीं मिला है। इसे लेकर शासन स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। शासन स्तर से बजट रिलीज होते ही कर्मचारियों को वेतन मिल जाएगा।  

कोविड-काल में जान जोखिम में डालकर की थी ड्यूटी
कोविड काल में भी इन कर्मचारियों ने मरीजों की सेवा की। कहा कि उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर पूरी ईमानदारी से कोविड काल में भी ड्यूटी की, लेकिन बदले में न तो उन्हें नियमित किया गया और न ही समय पर वेतन मिल रहा है। जिससे उनका मनोबल टूट रहा है। सरकार को उनकी सेवाओं को देखते हुए उनके हितों का भी ध्यान रखना चाहिए।

 

 

संबंधित समाचार