लखनऊ: खंड शिक्षक चुनाव परिणाम घोषित, भाजपा को तीन और सपा को एक सीट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश विधान परिषद की छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिये गये हैं। इनमें से तीन सीटें भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में गयी हैं जबकि एक सीट पर समाजवादी पार्टी को जीत मिली है। दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय …

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश विधान परिषद की छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिये गये हैं। इनमें से तीन सीटें भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में गयी हैं जबकि एक सीट पर समाजवादी पार्टी को जीत मिली है।

दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी बयान के मुताबिक खंड शिक्षक और खंड स्‍नातक क्षेत्र की मतगणना तीन दिसंबर सुबह आठ बजे से शुरू हुई। मतगणना पूर्ण होने के बाद खंड शिक्षक के परिणामों की घोषणा कर दी गयी।

बयान के मुताबिक लखनऊ खंड शिक्षक क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उमेश द्विवेदी, मेरठ खंड शिक्षक क्षेत्र से भाजपा के ही श्रीशचंद्र शर्मा तथा बरेली मुरादाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र से इसी पार्टी के हरी सिंह ढिल्लों विजयी घोषित किये गये हैं।

इसके अलावा वाराणसी खंड शिक्षक क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव चुनाव जीत गये हैं। जबकि आगरा खंड शिक्षक क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार आकाश अग्रवाल तथा गोरखपुर फैजाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र से निर्दलीय ध्रुव कुमार त्रिपाठी विजयी घोषित किये गये हैं।

मुख्य निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक पांच खंड स्नातक क्षेत्रों की मतगणना अभी जारी है जिसके परिणाम शाम तक आने की संभावना है। खंड स्‍नातक और खंड शिक्षक क्षेत्र से 11 सीटों के लिए मंगलवार को संपन्‍न हुए मतदान में औसत 55.47 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

संबंधित समाचार