आत्मघाती कदम : घरेलू कलह में महिला सहित दो ने की आत्महत्या
होम लोन की किस्त जमा करने को लेकर पति से हुआ था विवाद
कानपुर, अमृत विचार: रायपुरवा में रेलवे कर्मी का पत्नी से होम लोन की किस्त को लेकर विवाद हुआ। नाराज पत्नी ने दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। सचेंडी में शराब के लती युवक ने पत्नी से झगड़कर आत्महत्या कर ली। शव फंदे से लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया।
मूलरूप से बिहार के जलालपुर निवासी अमित राज शाहू रेलवे लोको में हेल्पर हैं। 24 वर्षीय पत्नी ज्योति कुमारी व 15 माह के बेटे अजय के साथ अनवरगंज स्थित तेजाब मिल में रहते हैं। अमित के अनुसार उनकी शादी 2022 में हुई थी। माता-पिता, भाई-बहन गांव में रहते हैं। अमित ने बताया कि पिता सुरेश ने गांव में मकान बनवाने के लिए होम लोन लोन पांच लाख रुपया लिया था।
जिसके किस्त पिता और बड़े भाई संतोष दोनों नहीं जमा कर रहे हैं। इसलिए किस्त उसे जमा करनी पड़ती है। इस बात को लेकर पत्नी आएदिन कलह करती थी। उसका कहना था कि मकान में जो रहता है या जिसने होम लोन लिया है। किस्त वहीं जमा करें। शनिवार रात पत्नी ने फिर उसी बात को लेकर कलह की। विवाद बढ़ने पर वह कमरे में जा लेट गए। पत्नी गुस्से में बेटे को सुलाकर दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह शव फंदे से लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी।
वहीं सचेंडी में शराब के लती युवक ने पत्नी से विवाद के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। भीमसेन निवासी 29 वर्षीय कौशिश का शराब पीने को लेकर पत्नी सपना से विवाद हुआ था। रात में सभी सो गए, इसी बीच कौशिश ने पंखे के कुंडे से चादर बांधकर फांसी लगा ली। सुबह पत्नी ने शव लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। कौशिश के दो बच्चे रौनक व लाडो हैं। सूचना पर पहुंची सचेंडी पुलिस ने फंदे से शव उतारकर जांच-पड़ताल की।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ : संघर्षों का मुकम्मल ''खुद का इश्क'' : लेखिका ईशिका अमरनानी की पहली पुस्तक का विमोचना
