वाराणसी: कमरे में मिली पति की लाश, तीसरी पत्नी बेटी के साथ फरार, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक होटल कर्मचारी की हत्या कर दी गई है। उसका शव किराये के कमरे में पड़ा हुआ मिला है। परिजनों ने उसकी तीसरी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। दरअसल, जिस किराये के कमरे में होटल कर्मचारी की लाश मिली है। उसमें वह अपनी तीसरी पत्नी और बेटी के साथ रहता था। लेकिन वारदात एक बाद से तीसरी पत्नी और बेटी मौके से गायब है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
यह वारदात शिवपुर थाना के नेपाली बाग की है। यहां जौनपुर के नेवढ़िया अथेरा गांव का रहने वाला विकास रावत अपनी तीसरी पत्नी रिया और उसकी बेटी के साथ रहता था। मकान मालिक के मुताबिक शनिवार की रात दोनों के बीच लड़ाई हुई थी। वहीं रविवार सुबह कमरे में विकास की खून से लथपथ लाश मिली।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं घटना की जानकारी होते ही मृतक विकास की मां गीता देवी और पहली पत्नी अपने तीन बच्चों के साथ पहुंच गई।
बता दें कि 18 साल पहले वाराणसी में जंसा के दीनदासपुर गांव की रीता देवी से विकास की शादी हुई थी। रीता से उसके तीन बच्चे अंजलि, आयुष और अभिषेक हुए। शादी के कुछ साल बाद विकास और रीता बाबतपुर में किराए के मकान में रहने लगे। इस दौरान विकास बाबतपुर के एक होटल में काम करता था।
इस बीच विकास का एक मुस्लिम महिला से संबंध हो गया, फिर उसने उसके साथ शादी कर ली। और वाराणसी में ही किसी जगह मुस्लिम महिला के साथ रहने लगा। हालांकि कुछ महीनों तक ही ये रिश्ता चल सका। वहीं पांच-छह साल पहले विकास का रिया नाम की लड़की से संबंध हो गया। विकास रिया के साथ नेपाली बाग में किराए के मकान पर रहने लगा। रिया भी किसी होटल में काम करती थी।
दोनों साथ में शराब पीते और ड्रग्स का सेवन करते थे। कुछ महीने पहले ही विकास ने रिया से तीसरी शादी मंदिर में की थी। रिया से शादी करने के बाद विकास की पहली पत्नी रीता देवी जौनपुर में अपनी सास के साथ रहने लगी।
इस दौरान रिया अक्सर जौनपुर में विकास के घर जाती थी और पहली पत्नी रीता को प्रताड़ित करती थी। इससे परेशान होकर रीता अपने 3 बच्चों के साथ जंसा स्थित मायके में जाकर रहने लगी थी। विकास नेपाली बाग में बीते 7 महीने से अपनी तीसरी पत्नी रिया और उसकी बेटी के साथ चंदा देवी के मकान में किराये पर रह रहा था।
चंदा देवी ने बताया कि विकास और रिया आए दिन शराब पीकर मारपीट करते थे। जिसके चलते चंदा देवी ने विकास को मकान खाली करने को कहा था। इस घटना पर ADCP वरुणा प्रमोद कुमार ने कहा कि मौत संदिग्ध है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चलेगा कि उसकी मौत कैसे हुई है। वहीं पहली पत्नी रीता की बेटी अंजलि ने फरार रिया और अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाए। अंजलि का कहना है कि दोनों मिलकर उसको बेचने के फ़िराक में थे।
