यूपी सहित कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 आंधी, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका

लखनऊ, अमृत विचार। मध्य भारत के बाद अब उत्तर भारत में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा। इसके चलते उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में तेज बारिश, आंधी, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

उधर, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हो रही है, जो आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि पहाड़ी और मैदानी इलाकों में आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और बाढ़ जैसी आपदाओं का खतरा बढ़ सकता है। खासकर तराई और नदी किनारे बसे इलाकों में रहने वालों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

मानसून ने इस बार देश में समय से 9 दिन पहले दस्तक दी है, जिससे चहुंओर मौसम में ताजगी और ठंडक घुल गई है। फिलहाल मानसून ने राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा और सम्पूर्ण दिल्ली को अपने प्रभाव में लिया है। इसके साथ ही अब पूरे भारत में मानसून सक्रिय हो चुका है, जिससे विभिन्न राज्यों में बारिश का सिलसिला तेज है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

यह भी पढ़ें:-लेसा के दो एई पर भ्रष्टाचार की रिपोर्ट दर्ज, आय से अधिक संपत्ति की जांच

संबंधित समाचार