बदायूं : प्लाट आवंटित कराने के बाद भी नहीं लगाया उद्योग, नोटिस चस्पा

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

20-25 साल पहले इंडस्ट्रीयल एरिया में प्लाट आवंटित कराकर नहीं लगाया था उद्योग

विजय नगला, अमृत विचार। जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने लगभग 20-25 साल पुराना कब्जा हटवाया है। प्लाट आवंटित कराने के बाद भी तीन व्यापारियों ने उद्योग स्थापित नहीं किया था। नोटिस जारी करने बाद भी उन्होंने कब्जा नहीं हटाया। डीएम के आदेश पर टीम ने कब्जा हटाया और नोटिस चस्पा किया गया है।

विकास क्षेत्र सालारपुर स्थित इंडस्ट्रीयल एरिया में व्यापारी मनी देव, फैजान अहमद, राखी सक्सेना ने तकरीबन 20 से 25 साल पहले उद्योग स्थापित करने के लिए प्लाट आवंटित कराए थे। जिसका किराया निर्धारित किया गया था लेकिन प्लाट आवंटन के बाद भी व्यापारियों ने वहां उद्योग स्थापित नहीं किया जबकि प्लाट पर कब्जा जमाए थे। मनी देव व राखी सक्सेना ने समय से किराया जमा किया लेकिन तीनों प्लाट पर उद्योग शुरू नहीं किया गया। पिछले दिनों डीएम अवनीश राय की अध्यक्षता में हुई उद्योग बंधुओं की बैठक में व्यापारियों ने इस बाबत चर्चा की। तीनों व्यापारियों को प्लाटों पर कब्जा छोड़ने के लिए नोटिस जारी किया गया। इसके बाद भी उन्होंने कब्जा नहीं छोड़ा। जिसके बाद डीएम के आदेश पर गठित की गई टीम गुरुवार को मौके पर पहुंची। तीनों प्लाट को कब्जामुक्त कराते हुए नोटिस चस्पा कराया।

उद्योग उपायुक्त अशोक उपाध्याय ने बताया कि उद्योग स्थापित करने के लिए प्लाट का आवंटन किया गया था। दो व्यापारियों ने किराया जमा किया लेकिन तीसरे व्यापारी ने रुपये जमा नहीं किए। उनपर सात लाख रुपये बकाया निकल रहा है। आगे की कार्रवाई करते हुए आरसी जारी की जाएगी। टीम में सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार पाल, सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय, सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार और पुलिस बल मौजूद रहा।

ये भी पढ़ें - बदायूं : चोरी के लिए घूम रहे थे दो युवक, पुलिस ने चोरी की कार के साथ किया गिरफ्तार

संबंधित समाचार