पूरी तरह नाकाम हो चुकी है भाजपा की 'ट्रिपल इंजन' सरकार, बोले अखिलेश यादव- 2027 में हमेशा के लिए विदाई तय

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बारिश के मौसम में जगह-जगह जलभराव और अन्य परेशानियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना करते हुए रविवार को कहा कि केन्द्र, प्रदेश और नगर निकायों में काबिज सत्तारूढ़ दल की 'ट्रिपल इंजन' सरकार पूरी तरह नाकाम हो चुकी है। 

अखिलेश यादव ने यहां एक बयान में दावा किया कि भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार और लापरवाही जनता के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात का मौसम शुरू होते ही नगरों का बुरा हाल हो गया है, नाले उफान पर हैं, सड़कों में गड्ढे हो रहे हैं, नालियां जाम हो रही हैं और बरसात का पानी जगह-जगह जमा हो रहा है। 

सपा प्रमुख ने कहा कि जल निकासी की व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और शहरों में गंदगी व कूड़े का अम्बार लगा है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की “ट्रिपल इंजन’ सरकार पूरी तरह नाकाम हो चुकी है। सपा प्रमुख ने कहा, ''केन्द्र और प्रदेश की सरकार के साथ ही नगर निकायों में जहां भाजपा वर्षों से काबिज है, वहां बुरा हाल है। काशी, गोरखपुर, लखनऊ से लेकर कानपुर, झांसी तक हर जगह एक जैसी स्थिति है। वर्षों से नगर निगमों पर काबिज भाजपा लोगों को मूलभूत सुविधाएं और साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं दे पा रही है। नालों और नालियों की सफाई के बजट का बंदरबांट हो रहा है। सफाई के नाम पर खानापूर्ति हो रही है।'' 

उन्होंने कहा, ''सरकार बारिश को गंभीरता से ले। सरकार की बदइंतजामी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। प्रदेश में भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार के स्मार्टसिटी, गड्ढा मुक्त सड़कें और जनता की मूलभूत सुविधाओं को लेकर किए जा रहे सारे दावे नाकाम हो चुके हैं। भाजपा सरकार ने नौ साल में जमीन पर कोई काम नहीं किया। इनका विकास जमीन पर नहीं है सिर्फ कागजों पर है।''

यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने समाज में नफरत फैलाने के अलावा कोई काम नहीं किया है तथा जनता के बीच भाजपा की सच्चाई सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता हमेशा के लिए भाजपा की विदाई कर देगी।  

संबंधित समाचार