पार्षद और कार्यदायी संस्था पर ठाकुरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज, नाले में गिरे युवक की पत्नी ने सिस्टम पर लगाया लापरवाही का आरोप
लखनऊ, अमृत विचार: सिस्टम की लापरवाही के कारण राधाग्राम कालोनी निवासी सुरेश (42) की जान चली गयी। मृतक की पत्नी रेनू ने बताया कि नाले का पत्थर टूटा होने की जानकारी उन्होंने मल्लाही टोला पार्षद चंद्र बहादुर सिंह को दी थी। इसके बाद भी पार्षद ने कुछ नहीं कराया। वहीं, नगर निगम ने अपनी गलतियों को छिपाते हुए कार्यदायी संस्था पर आरोप मढ़ दिया। मामले में रविवार को ठाकुरगंज पुलिस ने मृतका की पत्नी रेनू की तहरीर पर स्थानीय पार्षद के खिलाफ और नगर निगम की तहरीर पर कार्यदायी संस्था व ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज श्रीकांत राय ने बताया कि मामलों की जांच की जा रही है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ठाकुरगंज के राधाग्राम कालोनी कॉलोनी निवासी सुरेश पेंटर थे। शनिवार सुबह करीब 7 बजे घर के पास दुकान पर चाय पीने के लिए जा रहे थे। बारिश के कारण पूरे इलाके में पानी भरा हुआ था। नाले का पत्थर टूटा पड़ा हुआ था। जलभराव के कारण सुरेश का पैर उसी में पड़ गया। संभल पाते उससे पहले ही वह उफनाते हुए नाले में गिर गया। सूचना पर पहुंची दमकल, नगर निगम, एसडीआरएफ ने काफी तलाश करने का प्रयास किया गया, लेकिन सुरेश का कुछ पता नहीं चल सका।
पत्नी रेनू ने बताया कि नाले का पत्थर टूटे होने की जानकारी उन्होंने और अन्य स्थानीय लोगों ने स्थानीय पार्षद चंद्र बहादुर सिंह व जन सुनवाई पोर्टल पर कई बार की थी। लेकिन कोई काम नहीं करवाया गया। सरकारी सिस्टम की लापरवाही के कारण पति रेनू की डूबकर मौत हो गई। रविवार को शव मिलने के बाद पुलिस ने आनन-फानन में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर स्थानीय पार्षद चंद्र बहादुर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कार्यदायी संस्था अनिका इंटर प्राइजेज की थी लापरवाही: नगर निगम
नगर निगम जोन-6 के सहायक अभियंता आलोक कुमार श्रीवास्तव ने ठाकुरगंज थाने में तहरीर दी है। उन्होंने कार्यदायी संस्था अनिका इंटर प्राइजेज के प्रोपराइटर अंकित कुमार घावरी पर आरोप लगाया है। शिकायत पर उन्होंने नाला सफाई कर स्लैब न रखने और हटाए गए स्लैब को दोबारा उस जगह न रखने का दोषी बताया है। साथ ही ठेकेदार को भी आरोपी बनाते हुए कठघरे में खड़ा किया है।
