महिला ने पति को फंसाने के लिए की बेटी की हत्या, प्रेमी संग लिव-इन में रह रही थी मां
लखनऊ, अमृत विचार: कैसरबाग थाना क्षेत्र के खंदारी बाजार में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। एक महिला ने अपने पति को फंसाने के लिए अपनी सात साल की बेटी की हत्या कर दी। महिला अपने प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। हत्या के बाद उसने पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर अपने पति पर बेटी की हत्या का झूठा आरोप लगाया। पुलिस जांच में महिला की साजिश का पर्दाफाश हुआ। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और महिला व उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
कैसरबाग थाना प्रभारी के अनुसार, खंदारी बाजार निवासी रोशनी खान ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उसके पति शाहरुख खान ने उनकी सात वर्षीय बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूछताछ में रोशनी के बयानों में विरोधाभास पाए गए, जिससे पुलिस का शक उस पर गहरा गया। जांच में खुलासा हुआ कि रोशनी अपने पति को छोड़कर प्रेमी उदित जायसवाल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। शाहरुख इस रिश्ते का विरोध करता था और रोशनी पर प्रेमी को छोड़ने का दबाव बनाता था।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात शाहरुख अपनी बेटी से मिलने रोशनी के पास आया था। इस दौरान प्रेमी को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। झगड़े के बाद शाहरुख ने रोशनी को धमकी दी और वहां से चला गया। इसके बाद रोशनी ने पति को फंसाने की साजिश रची और अपनी बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी। फिर उसने पुलिस को झूठी कहानी सुनाई। सख्त पूछताछ में रोशनी अपने ही जाल में फंस गई और उसने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने रोशनी और उदित जायसवाल को हिरासत में लिया है।
कमरा किया सील
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सटीक कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल, साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। बता दें कि जिस मकान के कमरे में बच्ची का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने उस कमरे को सील कर दिया है। बच्ची की मां से लगातार पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही उसके मोबाइल की सीडीआर भी खंगाली जा रही है।
दो साल से पति से चल रहा था विवाद
कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि लगभग 10 साल पहले हत्यारोपी रोशनी उर्फ नाज का निकाह शाहरुख से हुआ था। लगभग दो साल से दम्पती के बीच परिवारिक विवाद चल रहा था। जिसके बाद शाहरुख अमीनाबाद में एक किराए के मकान में रहने लगा था। 18 मई को रोशनी ने कैसरबाग कोतवाली में ससुराल वालों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें रोशनी का आरोप था कि पति शाहरुख ने उसे प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया था। हालांकि, पुलिस ने तत्वरित कार्रवाई करते हुए सास परवीन, ननद रुखसार और रुमी, जेठ सलमान को जेल भेज दिया था। जिसके बाद रोशनी प्रेमी उदित जायसवाल के संग उसी मकान में लिव-इन में रहने लगी थी।
जेठ पर लगाया था बेटी से दुष्कर्म का आरोप
शाहरुख की मां परवीन ने खंदारी बाजार में एक बिल्डर की मदद से अपने पुराने मकान को चार फ्लोर का बनवाया था। रोशनी उनके मकान को बेचना चाहती थी, लेकिन ससुराल वाले इसका विरोध करते थे। जांच में पता चला कि मकान के पहले और चौथे फ्लोर पर परवीन का परिवार रहता था। जबकि ग्राउंड और दूसरा फ्लोर बेच दिया गया था। बेचे गए फ्लोर से मिले रुपयों पर भी रोशनी की नजर थी। लिहाजा, रोशनी ने जेठ सलमान पर बेटी से दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए कैसरबाग कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पति से पीटकर घर से भगाया
शाहरुख के पड़ोसियों ने बताया कि रोशनी ने पूरे परिवार पर झूठी प्राथमिकी दर्ज करवाने के बाद सभी को जेल भिजवा दिया था। इसके बाद उसने बिल्डिंग के चौथे फ्लोर पर प्रेमी उदित जायसवाल के संग रहने लगी थी। इस दौरान प्रेमी उदित के आवारा दोस्तों का बिल्डिंग में आना-जाना होता था। इस पर शाहरुख से विरोध किया तब रोशनी ने उसकी पिटाई कर घर से भगा दिया। जिसके बाद से वह अमीनाबाद में एक किराए के मकान में रहने लगा था। मई में शाहरुख ने भी पत्नी रोशनी के खिलाफ संबधित कोतवाली में तहरीर देते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी।
यह भी पढ़ेः ओडिशा: यौन उत्पीड़न के खिलाफ लड़ी जंग... पर हाथ लगी निराशा, आत्मदाह करने वाली छात्रा की हुई मौत
