शाहजहांपुर: धर्मांतरण मामले में दंपति गिरफ्तार, ईसाई धर्म अपनाने का देते थे प्रलोभन
शाहजहांपुर, अमृत विचार। धर्मांतरण से संबंधित मुकदमे में फरार चल रहे पति पत्नी को रामचंद्र मिशन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया। रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला ताहवरगंज निवासी लखन और मोहल्ला अहमदपुर निवासी शिवम ने रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि आनंद विहार कालोनी में एक मकान में करीब 60 लोग बेठे थे।
दीवारों पर एक विशेष संप्रदाय के फोटो लगे थे। एक व्यक्ति आया और अपने आप को फादर कहा और विशेष धर्म की किताब पढ़ी साथ ही हिन्दू धर्म की बुराई करने लगा। एक महिला उठी और हिन्दू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने की बात कहने लगी। इसके एवज में सारी सुविधाएं और तीन लाख रुपये का प्रलोभन दिया। क्षेत्र के लोगों ने विरोध किया तो महिला ने मीटिंग में आए लोगों से पत्थर फिकवा कर भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस की विवेचना में ऐंजल पत्नी विवेक निवासी आनंद बिहार रेती कालोनी थाना रामचंद्र मिशन और विवेक निवासी आनंद बिहार रेती थाना रामचंद्र मिशन के नाम प्रकाश में आए थे। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को दोपहर दो बजे कालोनी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया। टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, उप निरीक्षक प्रवीण कुमार, महिला उप निरीक्षक रश्मि सागर आदि शामिल रहे।
