Sawan Jhulan Festival : सावन में झूला मेला की शुरुआत, अयोध्या में बड़ी सख्या में शामिल होंगे श्रद्धालु
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भी आज से सावन झूलन महोत्सव शुरू हो गया। सावन माह के शुक्ल पक्ष पंचमी तिथि से शुरू हुआ राम मंदिर का झूला मेला पूर्णिमा तक चलेगा। नाग पंचमी से शुरू होकर रक्षा बंधन तक चलने वाले झूला मेला में प्रभु राम के सभी भाईयों का विग्रह स्वरूप को निहारने के लिये राम मंदिर में पहुंचने वाले सभी श्रद्धालु उत्सुक हैं। राम मंदिर में पड़े झूले में प्रभु रामलला का सहजता से दर्शन हो रहा है।
प्रभु के विग्रह स्वरूप का दर्शन कर श्रद्धालु पुण्य लाभ अर्जित कर रहे है। राम मंदिर के साथ साथ राम नगरी के सभी मंदिरों में इस समय भक्त झूले में विराजमान सीताराम के विग्रह स्वरूप को झुला कर दर्शन पूजन अर्चन कर रहे हैं। सभी मंदिरों में सावन गीत और कजरी गीत के साथ साथ सीताराम के कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया। नाग पंचमी पर्व पर नया घाट स्थित शेषावतार मंदिर में भक्तगण नाग देवता की पूजा कर रहे हैं।
नागेश्वर नाथ सहित सभी शिवालयों में बम बम भोले के जयकारों के साथ जलाभिषेक हो रहा है। सभी मंदिरों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम है। अयोध्या में आज भी लता चौक से लेकर वशिष्ठ चौराहा तक के कांवरियो एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहा। मेला अधिकारी योगानंद पांडेय ने बताया कि नाग पंचमी एवं मंगलवार के कारण आज भी अयोध्या श्रद्धालुओं से भरी पड़ी है।
प्रशासनिक अधिकारी औऱ पुलिस बल मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। अयोध्या आने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो इसका पूरा प्रबंध है। उन्होंने कहा कि खोया पाया कैम्प अनवरत कार्य कर रहा है। प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सूचनाएं भी प्रसारित कर रहा है। सरयू में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जीवन रक्षक नौकाएं भी तैनात हैं।
ये भी पढ़े : बाराबंकी में फांसी से लटकी मिली विवाहिता, दहेज न मिलने पर हत्या का आरोप
