मड़ियांव में नगर निगम के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन, लापरवाही के चलते कूड़े के ढ़ेर में चारपाई पर बैठ लगाए नारे
लखनऊ, अमृत विचार : सीतापुर रोड के मड़ियांव में फ्लाईओवर के नीचे लगा कूड़े का ढेर न हटाने से परेशान क्षेत्रीय निवासियों ने सोमवार को विरोध का अनूठा तरीका अपनाया। दुर्गंध और कचरे के बीच चारपाई डालकर बैठ गए और नगर निगम मुर्दाबाद के नारे लगाए। उनका कहना था कि पास में ही विधायक नीरज बोरा का कार्यालय है, लेकिन वह नहीं सुनते। विरोध करो तो तुरंत पुलिस आ जाती है।
प्रदर्शन की अगुआई कर रहे अजीत कुमार मौर्य ने बताया कि कचरे के ढ़ेर से लोगों को परेशानी हो रही है। लोग गंदगी और बदबू के बीच आने-जाने को मजबूर हैं। इससे बीमारियां भी फैलने का खतरा बना रहता है। उन्होंने नगर निगम से इस समस्या का स्थाई समाधान निकालने की मांग की है।
जोनल सेनेटरी ऑफिसर, नगर निगम जोन 3 जितेन्द्र गांधी ने बताया कि ब्रिज के नीचे से कूड़ा उठाया जा रहा है। इसे सुबह तक पूरी तरह साफ कर दिया जाएगा। सीमित जगह में कूड़ा घर को कवर करके कूड़ा डाला जाएगा। यहां पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (पीसीटीएस) लगाया जाना प्रस्तावित है। इसमें थोड़ा समय लगेगा। इसके बाद यहां कूड़ा नहीं दिखेगा और न बदबू फैलेगी।
ये भी पढ़े : ये दुनिया वाले पूछेंगे, मुलाक़ात हुई क्या बात हुई…उपमंत्रियों की आपसी मुलाकात बनी चर्चा का विषय
