UP : भगवान परशुराम की जन्मस्थली को मिला नया नाम, जलालाबाद बना परशुरामपुरी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। शाहजहांपुर जिले के ऐतिहासिक नगर जलालाबाद का नाम अब परशुरामपुरी हो गया है। गृह मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद बुधवार को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया।

केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद दिया और इसे सनातन समाज के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह निर्णय आस्था को सम्मान देने वाला है। जलालाबाद भगवान परशुराम की जन्मस्थली मानी जाती है। यहां स्थित प्राचीन मंदिर के कारण नगर की पहचान दूर-दराज तक फैली है। नगर पालिका परिषद ने मार्च 2018 और सितंबर 2023 में नाम परिवर्तन का प्रस्ताव पारित किया था। 

इसके बाद अप्रैल 2024 में डीएम ने प्रस्ताव शासन को भेजा। प्रदेश सरकार ने सहमति जताकर प्रस्ताव को गृह मंत्रालय को भेजा था। हाल के वर्षों में राष्ट्रीय बजरंग दल और अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने लगातार ज्ञापन देकर इस मांग को तेज किया। जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भन्नू सहित कई स्थानीय लोगों ने भी पत्राचार के जरिए यह आवाज उठाई थी।

24 अप्रैल 2022 को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने यहां आयोजित सभा में परशुराम की जन्मस्थली की घोषणा की थी । इसके बाद से इस स्थल को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हुई। मुख्यमंत्री संवर्धन योजना से 19 करोड़ रुपये की धनराशि मंदिर प्रांगण और सुविधाओं के विकास के लिए स्वीकृत की गई। अमृत सरोवर योजना के तहत 11 करोड़ रुपये अतिरिक्त मंजूर हुए, जिससे पास के रामताल का सौंदर्यीकरण, घाट और पाथ-वे निर्माण व मंदिर तक चौड़ा मार्ग बनाया जा रहा है।

संबंधित समाचार