बरेली : संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटका मिला किशोर का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

आक्रोशित परिजनों ने नेशनल हाईवे पर शव रखकर लगाया जाम, पुलिस ने समझा-बुझाकर यातायात सुचारु कराया

फरीदपुर/ बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बंजरिया इलाका जेड में मंगलवार को किशोर का संदिग्ध परिस्थितियों खेत में लगे पेड़ पर फंदे पर लटका शव मिला। जबकि, एक महीने पहले मृतक किशोर के ताऊ पप्पू सिंह की हत्या हुई थी। हत्या के मामले में परिजनों ने प्रधान व उसके भाइयों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उधर परिजनों ने ग्रामिणों के साथ शव सड़क पर रखकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझा बुझा कर शांत कराया। मृतक के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़े हुए हैं। पुलिस अफसर मौके पर मौजूद रहकर परिजनों को वैधानिक कार्रवाई करने को मनाने में जुटे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार खेत के रास्ते को लेकर पप्पू और शिवराज के बीच हुए विवाद में कई बार समाधान दिवस, थाना दिवस में शिकायतें की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। राजस्व टीम 24 जुलाई को स्थानीय पुलिस को साथ लेकर चकरोड की पैमाइश करने पहुंची थी। पैमाइश के दौरान पप्पू सिंह की मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों ने प्रधान पक्ष के लोगों पर नन्हे को पीटकर हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन अभी तक आरोपी पक्ष की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसी बीच मंगलवार की सुबह 11 बजे पप्पू सिंह के भाई कमलजीत का 16 वर्षीय बेटा शीलेंद्र घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला। लगभग 12 बजे शीलेंद्र की बहन उसे बुलाने खेत पर पहुंची तो शीलेंद्र का शव यूकेलिप्टस के पेड़ पर लटका मिला।

इस पर परिजन भड़क गए और शव ले जाकर ग्रामीणों के साथ नेशनल हाईवे पर ग्रोवर कोल्ड स्टोर के सामने शव रखकर और ट्रैक्टर ट्राली खड़ा कर जाम लगा दिया। परिजन पप्पू सिंह की हत्या के बाद से विपक्षियों की गिरफ्तारी न होने, धमकियां मिलने और शीलेंद्र की हत्या करने का आरोप लगा रहे थे। सीओ के साथ इंस्पेक्टर फतेहगंज पूर्वी व पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को समझा-बुझाकर लोगों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का होना लग रहा है। सीओ संदीप सिंह ने परिजनों से वैधानिक रूप से अपनी बात रखते हुए तहरीर देने व शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा। पूर्व में लिखे गए हत्या के मुकदमे में अपेक्षित कार्रवाई न होने की बात कहकर परिजन रोष व्यक्त करते हुए पोस्टमार्टम से इंकार करते रहे। खबर लिखे जाने तक यथास्थिति बनी थी मौके पर सीओ, इंस्पेक्टर व पुलिस की टीम मौजूद रही।

संबंधित समाचार