बरेली : ब्लॉक कोऑर्डिनेटर गांव का भ्रमण कर जानेंगे स्वच्छता का हाल
डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान अफसरों को दिए निर्देश
बरेली, अमृत विचार। डीएम अविनाश सिंह ने जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत यूनिसेफ के सहयोग से गांवों में स्वच्छता और जल संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों को गांवों का भ्रमण कर स्वच्छता का हाल जानने के भी निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले के 10 ब्लॉक भोजीपुरा, शेरगढ़, बहेड़ी, क्यारा, फरीदपुर, मझगवां, नवाबगंज, भुता, बिथरी चैनपुर व दमखोदा में 150 ब्लॉक कोऑर्डिनेटर्स तैनात किए हैं, जो जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत ओडीएफ, ओडीएफ प्लस के स्थायित्व, ऑपरेशन विद्यालय कायाकल्प, आंगनबाड़ी कायाकल्प व महावारी स्वच्छता प्रबंधन के कार्य करेंगे।
डीएम ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि योजनाएं कागजों में नहीं बल्कि जमीन पर दिखनी चाहिए। लोग शौचालय बनवाकर उनका इस्तेमाल करें, कूड़ा तय जगह पर डाला जाए और पानी की बर्बादी रोके। ब्लॉक कोआर्डिनेटर्स जल जीवन मिशन में कितने ओवरहैड टैंक बने हैं, कितनी रोड का रिस्टोरेशन हुआ है, टैंक से पानी की सप्लाई हो रही है या नहीं, स्कूल में पैरामीटर पूर्ण है या नहीं, आरआरसी सेंटर संचालित है या नहीं आदि का निरीक्षण करें। शौचालय के इस्तेमाल के लिए लोगों को समझाया जाए। रिसोर्स रिकवरी सेंटर काम कर रहा है या नहीं, इसकी रिपोर्ट देने और महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, सेनेटरी नैपकिन और इंसीनेटर की जानकारी देने की बात कही।
डीएम ने निर्देश दिया कि कोऑर्डिनेटर ज्यादा से ज्यादा समय फील्ड में बिताएंगे। बैठक में सीडीओ देवयानी, डीडी पंचायत महेंद्र कुमार, डीसी मनरेगा हसीब अंसारी, डीडीओ दिनेश कुमार यादव, पीडी डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, डीपीआरओ कमल किशोर, डीपीओ मनोज कुमार, बीएसए संजय सिंह समेत बीडीओ, सचिव, ग्राम प्रधान आदि उपस्थित रहे।
