अयोध्या डिपो को मिली पांच नई बसों की सौगात, अयोध्या से चित्रकूट, आगरा और मथुरा के रूटों पर होंगी संचालित 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने अयोध्या डिपो को पांच नई आधुनिक बसों की सौगात दी है, जिसके जरिए अयोध्या को चित्रकूट, आगरा और मथुरा जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़ा जाएगा। पांच नई बसों में से दो-दो बसें आगरा और मथुरा रूट पर, जबकि एक बस चित्रकूट रूट पर चलेगी। 

विशेष रूप से चित्रकूट के लिए शुरू की गई बस सेवा से अयोध्या और इस पवित्र नगरी के बीच आवागमन और आसान हो जाएगा। दो दिन पूर्व से सभी बसों का संचालन शुरू हो गया है। 42 यात्रियों वाली क्षमता की प्रत्येक बस की कीमत 30 लाख रुपये है। सभी बसें आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, जिनमें आरामदायक सीटें और अन्य सुविधाएं शामिल हैं। इन बसों को विशेष रूप से धार्मिक पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।

कृष्ण जन्मभूमि व ताजमहल का दीदार आसान

अयोध्या डिपो से आगरा रूट पर पहले से ही एक बस संचालित हो रही थी, और अब दो नई बसों के शामिल होने से इस रूट पर कुल तीन बसें चलेंगी। इससे अयोध्या से ताजमहल और अन्य ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा करने वाले पर्यटकों को अधिक विकल्प और सुविधा मिलेगी। मथुरा रूट पर भी दो बसों के संचालन से श्रीकृष्ण जन्मभूमि और अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा और सरल हो जाएगी। वहीं, चित्रकूट, जहां भगवान राम ने अपने वनवास का एक बड़ा हिस्सा बिताया था, इन बसों के माध्यम से रामनगरी से और करीब आ गए हैं।

अयोध्या डिपो ARM आदित्य प्रकाश, परिवहन निगम के इस प्रयास से न केवल धार्मिक यात्राएं सुगम होंगी, बल्कि यह किफायती भी होंगी। यात्रियों को अब निजी वाहनों पर निर्भर रहने की जरूरत कम होगी, और वे सुरक्षित और आरामदायक बस यात्रा का आनंद ले सकेंगे। आने वाले समय में और विस्तार करने की योजना है। भविष्य में और अधिक धार्मिक स्थलों को अयोध्या से जोड़ा जाए। सभी बस सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है।

ये भी पढ़े : यूपी के खिलाड़ियों की बल्ले-बल्ले! 20 करोड़ से बनेगा आधुनिक इंडोर स्टेडियम, खेल के क्षेत्र में अवसर प्रदान करेगी योगी सरकार

 

 

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज