पहले AI से बनाई अश्लील फोटो...फिर महिला को किया बदनाम, पीड़िता की शिकायत पर उल्टा IT एक्ट की FIR दर्ज
लखनऊ, अमृत विचार: थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके वकील को बदनाम करने के लिए दूसरे पक्ष ने एआई का सहारा लिया। आरोपी ने महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर वायरल कर दी। साथ ही वकील पर भी जातिसूचक टिप्पणी और धमकी देने का आरोप है। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल के आदेश पर पीजीआई पुलिस ने दोनों पीड़िताें की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता ने सोनाली ठाकुर, सुनील यादव और अवंतिका के खिलाफ कोर्ट में केस किया था। जानकारी होने के बाद विपक्षीगण ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने एआई की मदद से उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर उसके परिचितों और रिश्तेदारों को भेज दी। पीड़िता ने शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा उनके खिलाफ ही आईटी एक्ट की एफआईआर दर्ज कर दी गई, जिसके चलते उन्हें हाईकोर्ट जाना पड़ा था।
