धर्मांतरण और जान से मारने की धमकी...पीड़ित ने SP से लगाई गुहार, पत्नी से जबरन निकाह और मकान कब्जे का आरोप
गोंडा, अमृत विचार : कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत अखड़ेरा निवासी राजेश शर्मा ने गांव में चल रहे जबरन धर्मांतरण और आपराधिक गतिविधियों से परेशान होकर पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़ित ने अपनी पत्नी के जबरन धर्मांतरण, निकाह और जमीन कब्जे का आरोप लगाते हुए खुद के और परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है।
राजेश शर्मा का कहना है कि अखड़ेरा गांव में कुछ दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग हिंदू अल्पसंख्यकों पर दबाव बनाकर धर्मांतरण करवा रहे हैं। उन्होंने अपने पत्र में मतीन पुत्र शाने, कय्यूम पुत्र निजामुद्दीन, फिरोज पुत्र सलाहू समेत अन्य लोगों के नाम गिनाते हुए कहा है कि ये सभी संगठित गिरोह की तरह कार्य करते हैं।
पीड़ित के अनुसार, इन आरोपियों पर पहले से ही हत्या के प्रयास, डकैती, गैंगरेप जैसे गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, फिर भी ये खुलेआम घूम रहे हैं और नए अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। राजेश शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्ष 2016 में उसकी पत्नी श्रीदेवी का इन लोगों ने जबरन धर्मांतरण कराया और उसे कय्यूम नामक व्यक्ति से निकाह करवा दिया गया। इसके साथ ही उसका मकान भी कब्जा लिया गया और लूटपाट कर उसे गांव से भगा दिया गया। राजेश शर्मा तब से अपने बच्चे के साथ कटरा बाजार के बड़हीपुरवा गांव में रह रहा है।
असलहा दिखाकर मुकदमा वापस लेने की धमकी
पीड़ित ने बताया कि हाल ही में जब वह अदालत में पेशी पर गया था, तो कचहरी और विकास भवन के पास आरोपियों ने उसे रोककर जान से मारने की धमकी दी। उसे कहा गया कि यदि उसने मुकदमा वापस नहीं लिया, तो उसकी बची हुई जमीन भी हड़प ली जाएगी और उसे भी जान से हाथ धोना पड़ेगा। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर घर पहुंचा।
गांव में दहशत, लोग डर से नहीं बोलते
गांव के कुछ अन्य निवासियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि गांव में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जबरन धर्मांतरण और जमीन कब्जाने जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन डर के कारण कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन लोगों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, वे खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस की निष्क्रियता से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। लोगों ने मांग की है कि समय रहते प्रशासन ने सख्ती नहीं दिखाई, तो गांव का माहौल बिगड़ सकता है। राजेश शर्मा ने एसपी से मांग की है कि मामले की गहराई से जांच कराकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए और उसे व उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। कोतवाल तेज प्रताप सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े :
ये भी पढ़े : मरने के बाद भी नहीं मिल रही जगह...मृतकों के सम्मानजनक विदाई पर संकट, बैकुंठ धाम में नहीं मिली जमीन
