प्रयागराज: करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार, बड़ा भाई फरार

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के शाहगंज में पैसा दुगुना करने का लालच देकर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की धन उगाही करने वाले गिरोह के एक सदस्य को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि धन उगाही करने वाले गिरोह के सदस्य आसिफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 

आसिफ पर शाहगंज थाने में बीएनएस की धारा में मुकदमा भी पंजीकृत किया गया था और उसके खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट भी जारी हुआ था। इस मामले का मुख्य आरोपी आसिफ का बड़ा भाई कासिफ है, जो अभी भी फरार है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कासिफ की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित करने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि यदि इनाम घोषित होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होती है, तो कासिफ के घर की कुर्की भी कार्रवाई जाएगी। जांच में सामने आया है कि कथित व्यापारी नेता की शह पर इस पूरे खेल का खाका तैयार किया गया था। "रिचार्ज पे" नाम की फर्जी कंपनी खड़ी की और उसकी जिम्मेदारी कासिफ और आसिफ को सौंप दी। इस कंपनी का इस्तेमाल लोगों को झांसा देने और रकम दुगुनी करने का लालच दिखाने के लिए किया गया।

आरोप है कि इस कंपनी के नाम पर शहर के सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की गई। कई पीड़ितों ने जब इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी। शाहगंज पुलिस की कार्रवाई में आसिफ को गिरफ्तार कर जेल भेजना इस गिरोह पर बड़ी कार्यवाही मानी जा रही है। पुलिस अब मुख्य आरोपी कासिफ की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वही अधिकारियों का कहना है कि इस ठगी में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।  

संबंधित समाचार