Kanpur News : साइबर ठगों ने बुजुर्ग महिला व युवक से ठगे 85.85 लाख, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। साइबर ठगों ने ट्रेडिंग व क्रेडिट कार्ड एक्टिव करने का झांसा देकर बुजुर्ग महिला समेत दो लोगों से 85.85 लाख रुपये ठग लिए। बैंक कर्मी बनकर सिविल लाइंस की बुजुर्ग महिला से 44.13 लाख व ग्वालटोली के युवक से ट्रेडिंग के नाम पर 41.72 लाख रुपये ठगे। ठगी का पता चलने पर पीड़ितों ने तत्काल साइबर सेल में शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज कराई। दोनों मामलों में जांच शुरू है। 

कोतवाली के सिविल लाइंस निवासी पीड़िता बुजुर्ग महिला मीना अग्रवाल व उनके पति गोपाल अग्रवाल का संयुक्त खाता माल रोड स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में है। मीना के अनुसार उन्होंने क्रेडिट कार्ड का आवेदन किया था। बीती 26 अगस्त को उनका क्रेडिट कार्ड आया। उसके बाद उनके पास एक अंजान कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मी बताया। 

पीड़िता के अनुसार उनके पास अक्सर बैंककर्मी का फोन आता था। जिससे बात होती हाी। संदेह है कि वही कॉल करता और सुक्षव भी देता था। नौ सितंबर को क्रेडिट कार्ड एक्टिव करने के नाम पर उसने ओटीपी पूछा, इसके बाद ही उनके खाते से लगातार दस बार में 44.13 लाख रुपये निकल गए। 

पीड़िता के अनुसार इससे पहले ठग ने उनकी चार प्रीमिच्योर हो चुकी एफडी को तोड़कर उनके खाते में क्रेडिट करा लिया था। रुपये जाने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस व बैंक से संपर्क किया। इसके बाद साइबर सेल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी तरह ग्वालटोली के लाल कुंआ निवासी पीड़ित प्रशांत सिंह के अनुसार बीती दो अगस्त को उनके व्हाट्सएप पर मैसेज आया, जिसमें बैंक की तरफ से ट्रेडिंग के माध्यम से मुनाफा कमाने की बात बताई गई थी। 

इसके बाद उन्होंने बताए गए खातों में रुपये जमा करना शुरू किया। उन्होंने बीच में दो बार में कुछ रुपये भी निकाले। पैसे भी आसानी से उन्हें मिले, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। कुछ दिन बाद जब जरूरत पड़ने पर उन्होंने 60 लाख रुपये निकालना चाहा तो भुगतान पर रोक लगा दी गई। 

मैसेज व फोन के माध्यम से बताया गया कि मुनाफे का 20 प्रतिशत यानि 35 लाख रुपये जमा करने को कहा गया। इस पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उससे पहले साइबर ठगों ने निवेश के नाम पर उनके 41.72 लाख रुपये निकाल लिए। मोटी रकम की ठगी होने पर पीड़ित ने तत्काल पुलिस से शिकायत की और साइबर सेल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। साइबर सेल दोनों मामलों जांच कर रही है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज