सामूहिक विवाह: बाराबंकी में 117 जोड़ों ने लिए सात फेरे, चार ने पढ़ा निकाह
बाराबंकी, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन ‘टिकैत’ द्वारा नवीन गल्ला मंडी में आयोजित 14वें सामूहिक विवाह व निकाह समारोह में 117 जोड़ों ने परिणय सूत्र में बंधकर एक नई जिंदगी की शुरुआत की।
समारोह में गायत्री परिवार द्वारा वैदिक विधि से विवाह संपन्न कराए गए, वहीं चार जोड़ों का निकाह काजी हाफिज अब्दुल्ला ने सम्पन्न कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने फीता काटकर किया और वर-वधू को आशीर्वाद देते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
समारोह में खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, सांसद तनुज पुनिया, एमएलसी अवनीश कुमार सिंह, एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप, सदर विधायक सुरेश यादव, पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह, पूर्व एमएलसी राजेश यादव, वरिष्ठ नेता राकेश वर्मा, समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता व गणमान्यजन मौजूद रहे।
भाकियू की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। आयोजन में आए मेहमानों के लिए भोजन व जलपान की भी उत्तम व्यवस्था की गई थी।
