बाराबंकी में चोरों ने कोटेदार के घर पर बोला धावा, लाखों की नकदी व जेवरात पार
हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली हैदरगढ़ अंतर्गत बहरामपुर मजरे बम्हरौली गांव में चोरों ने शुक्रवार तड़के कोटेदार के घर में धावा बोलकर लाखों की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर इत्मीनान से घर के दो कमरों और बक्सों के ताले तोड़कर अलमारी में रखे करीब चार लाख अस्सी हजार रुपये नकद और लगभग छह लाख रुपये कीमत के जेवरात सहित नए कपड़े भी चुरा ले गए।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासी जमुना प्रसाद यादव पुत्र राम प्यारे अपने परिवार के साथ बहरामपुर गांव स्थित मकान में रहते हैं। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से भयभीत उनका परिवार शुक्रवार की भोर तक जागता रहा और करीब ढाई बजे के बाद सोया। इसी बीच चोर छत से जीने के सहारे घर के भीतर दाखिल हुए और पूरे इत्मीनान के साथ घटना को अंजाम दिया। बताया जाता है कि चोरों ने पहले कमरों के ताले तोड़े, फिर बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखी चाबी से अलमारी खोली और उसमें रखे नगदी व जेवर निकाल लिए।
अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर जीने पर बैठकर डिब्बियों से जेवर निकालते रहे और फिर सामान जेबों में भरकर आराम से निकल गए। पीड़ित के अनुसार चोरी की गई रकम उनके बहनोई ने गुरुवार को यहां रखी थी, क्योंकि शुक्रवार को जमीन का बैनामा होना था। घटना की जानकारी सुबह हुई तो गृहस्वामी ने तत्काल डायल 112 पुलिस व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि किसान नेता हरिराम पाल को सूचना दी। मौके पर पहुंचे हल्का दरोगा बाके बहादुर व पुलिस टीम ने छानबीन की। इसके बाद फॉरेंसिक टीम भी गांव पहुंची और संभावित स्थानों से साक्ष्य संकलित किए।
दुकान, शो रूम, गुमटी से लेकर भैंस व बाइक तक चोरी
जिले में अलग अलग स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं के क्रम में असन्द्रा थाना क्षेत्र के असन्द्रा बाजार में ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावत शाखा के नीचे स्थित कपड़े की दुकान से 5 अज्ञात महिलाओं ने खरीददारी के बहाने करीब 7500 रुपये की साड़ियां चोरी कर लीं। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पीड़ित दुकानदार तुषार चौरसिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसी थाना क्षेत्र में एक अन्य मामले में ग्राम मिर्चिया निवासी अशोक कुमार चौरसिया के कृष्णा ई-बाइक शो रूम के पास रखी गुमटी से अज्ञात व्यक्ति काले रंग का बैग चोरी कर ले गया। बैग में दो ओपो मोबाइल फोन, करीब 60 से 70 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड, आधार, पैन, वोटर कार्ड सहित अन्य दस्तावेज मौजूद थे।
थाना फतेहपुर क्षेत्र के कुतलूपुर गांव निवासी अरविन्द कुमार उर्फ पप्पू की एक भैंस चोर उठा ले गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में दर्ज है। पीछा करने पर चोर एक भैंस लेकर भाग निकले, जबकि दूसरी को छोड़कर फरार हो गए। फतेहपुर कस्बे के काजीपुर वार्ड निवासी शिव गोबिन्द सैनी की स्प्लेंडर बाइक भी घर के पास से चोरी हो गई। पीड़ित ने बाइक के कागजात और लाइसेंस भी गायब होने की सूचना पुलिस को दी है।
दरियाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला कटरा रोशनलाल में चोरों ने एक घर में घुसकर परिजनों पर हमला कर दिया। पीड़ित मो० मसीहा के मुताबिक, दो अज्ञात चोर सीढ़ी के रास्ते घर में घुसे और विरोध करने पर उन पर मुक्कों से हमला कर दिया। जब उन्होंने बचाव किया तो हाथ पर चाकू से वार कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
