UP: मुरादाबाद रेल मंडल में कोहरा लगाएगा 26 ट्रेनों पर ब्रेक, कई ट्रेनें तीन महीने निरस्त
बरेली, अमृत विचार। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल ने कोहरे के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारु संचालन के लिए कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किए हैं। 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2026 तक कुछ ट्रेनों के संचालन को अस्थायी रूप से रद्द या उनकी फ्रीक्वेंसी घटाने का निर्णय लिया है।
सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार के अनुसार जिन ट्रेनों के संचालन में कमी की गई है उनमें प्रमुख रूप से न्यू जलपाईगुड़ी-आनंद विहार टर्मिनल (12523/12524), दिल्ली-काठगोदाम (15035/15036), देहरादून-वाराणसी (15120), नई दिल्ली-वाराणसी (15128), सियालदह-लालकुआं (15077/15078), आनंद विहार-गोरखपुर (15050), लालकुआं-आनंद विहार (15059/15060) सहित कुल 26 ट्रेनें शामिल हैं। इनमें से कई ट्रेनों का संचालन दिसंबर से फरवरी के दौरान कुछ निर्धारित तिथियों पर ही किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि घने कोहरे की स्थिति में ट्रेन परिचालन के दौरान संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पूर्व अपने गंतव्य की ट्रेन का समय एवं स्थिति रेलवे की वेबसाइट या हेल्पलाइन से अवश्य जांच लें।
