Alert on Diwali: पटाखों को लेकर हो जाएं अलर्ट... नहीं तो बढ़ा जाएगी आपकी मुसीबत
लखनऊ, अमृत विचार: लोहिया संस्थान में कॉर्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. भुवन चन्द्र तिवारी ने दिवाली पर दिल के मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉ. भुवन चन्द्र का कहना है कि तेज आवाज के पटाखे से दिल की धड़कड़ बढ़ सकती है। घबराहट हो सकती है। यह स्थिति दिल के मरीजों के लिए खतरनाक हो सकती है। तेज आवाज के पटाखे मानसिक और शारीरिक दोनों तरह से बेचैनी बढ़ा सकते हैं।ज्यादा तला-भुना, मसालेदार और प्रोसेस्ड फूड खाने से भी बचें। क्योंकि यह एसिडिटी, कोलेस्ट्रॉल और सूजन बढ़ा सकता है। खाने में फल, हरी सब्जियां और अंकुरित अनाज शामिल करें। पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ पिएं। ताकि शरीर में नमी बनी रहे। निश्चित समय पर सोएं। नींद की कमी और अनियमित दिनचर्या से बचें।
गर्भवती महिलाएं बरतें सावधानी
केजीएमयू के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की डॉ. सुजाता देव ने बताया कि पटाखे के धुएं में मौजूद हानिकारक रसायन श्वसन तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं। जिससे सांस लेने में कठिनाई हो सकती है। इसके अलावा रसायनों के संपर्क में आने से गर्भ में पल रहे बच्चे में जन्मजात विकलांगता होने का खतरा बढ़ जाता है। लंबे समय तक धुएं के संपर्क में रहने से गर्भपात का खतरा भी बढ़ जाता है। लोहिया संस्थान में रेस्पीरेटरी मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने बताया कि पटाखे के धुएं से अस्थमा व सीओपीडी के मरीज बच कर रहें। प्रदूषण से बचने के लिए घर के अंदर रहें। मास्क पहनें। दवाइयों का नियमित सेवन करें।
पटाखे जलाते समय बरते सावधानी
केजीएमयू प्लास्टिक सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार ने बताया कि पटाखे जलाते समय सावधानी बरतें। खुली जगह पर पटाखें जलाएं। जूते पहनें। हमेशा पानी की बाल्टी पास रखें। बच्चों को कभी भी अकेले पटाखे न जलाने दें। अधजले पटाखों को दोबारा न छुएं। जलने या आंखों में चोट लगने की स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और फफोले को फोड़ें नहीं। उन्होंने बताया कि ढीले कपड़े पहनने से बचें। पटाखे से झुलसने पर घाव को साफ पानी में धुलें।
जलन होने पर आंखें पानी से धोएं
केजीएमयू नेत्र रोग विभाग के डॉ. अरूण शर्मा ने बताया कि आंखों का ध्यान रखें। पटाखों के धुएं और चिंगारियों से आंखों को बचाएं। अगर जलन हो तो ठंडे पानी से धोएं। आंखें रगड़ें नहीं। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें। तेज आवाज से बचें। शोरगुल वाले पटाखों से बचें। खासकर यदि आपको माइग्रेन या दिल की समस्या है।
यह भी पढ़ेंः Raebareli News: मंदिर में पुजारी की धारदार हथियार से हत्या, पत्नी घायल
