'अखिलेश को रामंदिर ही नहीं दिवाली से भी नफरत' , अयोध्या दीपोत्सव को लेकर दिए गए बयान पर योगी का पलटवार

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दीपोत्सव पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी का संज्ञान लेते हुए सख्त पलटवार किया है। योगी ने कहा कि अखिलेश यादव के बयान से साफ हो गया है कि उनको अयोध्या में प्रभु राम के भव्य मंदिर और देवी-देवताओं से ही नहीं, हीं दिवाली से भी नफरत है। मुख्यमंत्री ने तंज कसा कि, गद्दी विरासत में मिल सकती है पर बुद्धि नहीं। बिना विवेक वाले लोग ही दीवाली का विरोध कर सकते हैं।

दरअसल, इससे पूर्व अखिलेश यादव ने लखनऊ की एक प्रेसवार्ता में दीपोत्सव को फिजूलखर्ची करार देते हुए भाजपा सरकार को निशाने पर लिया था। सपा प्रमुख का यही बयान राजनीतिक विवादों का केंद्र बन गया है। उन्होंने अयोध्या में दीयों पर होने वाले खर्च को फिजूल बताते हुए क्रिसमस से तुलना की थी। इसी बयान की भाजपा और विहिप जैसे संगठनों ने कड़ी निंदा की है।

मुख्यमंत्री ने भी ऐसी प्रतिक्रिया पर नाराजगी प्रकट करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी समारोह के तहत गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मंगलवार को आयोजित कुटुम्ब स्नेह मिलन और दीपोत्सव के राष्ट्रोत्सव कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला किया। खासकर सपा प्रमुख पर कहा कि बबुआ ने प्रजापति समाज के लोगों का अपमान किया है। उन्हें नहीं मालूम है कि दो करोड़ लोग मिट्टी के दीयों से लेकर बर्तन के कारोबार से जुड़े हुए हैं। मिट्टी के उत्पाद आर्थिक निर्भरता व स्वावलंबन का प्रतीक हैं।

भैया दूज व चित्रगुप्त जयन्ती की दी बधाई

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भैया दूज व चित्रगुप्त जयन्ती पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भैया दूज भाई-बहन के पारस्परिक प्रेम, स्नेह व विश्वास का त्योहार है। यह पर्व कर्तव्य, आत्मीयता, त्याग, सामाजिक एकता व सद्भाव की भावना का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त की जयन्ती अच्छे कर्म करने की प्रेरणा प्रदान करती है।

नाक रगड़वाने, गंदगी चटवाने के घटनाओं पर योगी सख्त

मेरठ में एक व्यापारी से नाक रगड़वाने और लखनऊ में एक बुजुर्ग से गंदगी चटवाने के प्रकरणों का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाराजगी प्रकट की है। ऐसे प्रकरणों पर दोषियों पर जीरो टॉलरेंस के तहत कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। इसके बाद लखनऊ के काकोरी नगर पंचायत के शीतला देवी मंदिर के परिसर में सांस के रोगी बुजुर्ग से जबरन गंदगी चटवाने का मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सीएम के निर्देश पर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल भी बुजुर्ग से मिला। वहीं, मेरठ में व्यापारी से सड़क पर नाक रगड़वाने के मामले में भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजा गुर्जर ने कार्रवाई करते हुए पार्टी नेता विकुल चपराणा को पद से हटा दिया है। जांच कर कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा है।

ये भी पढ़े : 

यूपी में दीपावली पर बिजली खपत का बना नया रिकॉर्ड... एक ही दिन में सर्वाधिक 149 मिलियन यूनिट की खपत

संबंधित समाचार