बरेली : बिहार में एनडीए के साथ मजबूती से खड़ा निषाद समाज : डॉ. संजय निषाद
बरेली पहुंचे निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विपक्ष पर कई मुद्दों पर जमकर साधा निशाना
बरेली, अमृत विचार: निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने गुरुवार को विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। सपा के ''''प्रबल इंजन'''' वाले स्लोगन पर तंज कसते हुए कहा कि अगर इंजन सही होता तो लोग उससे क्यों उतरते? उन्होंने चुटकी ली कि सपा का इंजन ही खराब है तभी एक-एक कर नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की रणनीतियों पर उन्होंने कहा कि हम लोग विकास के नाम पर वोट मांग रहे हैं और बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। निषाद समाज मजबूती के साथ एनडीए के साथ खड़ा है।
सर्किट हाउस में गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार में कानून का राज कायम है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ''''दिए जलाने वाले बयान'''' को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। कहा, जो मिट्टी का दिया बनाते हैं, वही इस देश की सभ्यता के असली रक्षक हैं और उन्हीं के रोजगार पर विपक्ष सवाल उठा रहा है। कृष्ण जन्मभूमि मुद्दे पर निषाद ने कहा कि अखिलेश खुद को यादव कहते हैं और कृष्ण का वंशज होने का दावा करते हैं, फिर मथुरा की जन्मभूमि की मुक्ति के लिए भी आवाज उठानी चाहिए। अगर अपनी ही परंपरा की रक्षा नहीं कर सकते, तो दूसरों की क्या करेंगे। सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा-इनकी चार बार सरकारें बनीं, लेकिन पिछड़ों के नाम पर सिर्फ राजनीति हुई। न शिक्षा आयोग बना, न कोई ठोस कदम उठा। अब प्रदेश और केंद्र में डबल इंजन की सरकार बनी है तो पहली बार सबके विकास की दिशा तय हुई है।
मत्स्य विभाग की 107 परियोजनाओं का किया जिक्र
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने विभागीय कामकाज का ब्योरा देते हुए बताया कि बरेली में मत्स्य विभाग की 107 परियोजनाएं संचालित हैं। इनमें से 105 पूरी तरह शुरू हो चुकी हैं। तीन हजार से ज्यादा पोखरों को चिह्नित किया गया है। इन पर पट्टे के लिए अब निषाद समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा-कि अगर पोखर किसी दूसरे वर्ग को गलत तरीके से दिए गए हैं तो उन्हें कैंसिल कराकर असली पात्रों को सौंपा जाएगा। मंत्री ने बताया कि मछुआरों को बिना गारंटी किसान क्रेडिट कार्ड के जरिये तीन लाख रुपये तक का लोन चार प्रतिशत ब्याज दर पर मिल रहा है। साथ ही उन्हें ट्रेनिंग और बीमा की भी सुविधा दी जा रही है।
