शाहजहांपुर : न्याय की मांग को हाईवे जाम कर रहे परिजनों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

विवाहिता की संदिग्ध मौत के विरोध में सड़क पर उतरे परिजनों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, वीडियो वायरल

जलालाबाद/शाहजहांपुर, अमृत विचार: महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने कांट-जलालाबाद मार्ग पर सोलंकी धर्मकांटा के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान परिवार वालो और अन्य लोगों से हुई नोकझोंक के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज से मृतका के पिता और भाई घायल हो गए। आरोप है कि मृतक के पति और अन्य के खिलाफ पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही थी। आरोपी की मांग की है कि रिपोर्ट दर्ज करके पति और अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जाए। जलालाबाद तहसीलदार अनुराग दूबे परिवार वालों को समझाया।

जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव एतमादपुर निवासी महेश ने थाना पर दी गई तहरीर में बताया कि उसने 22 वर्षीय पुत्री महिमा की शादी 22 फरवरी 25 को फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव साधौ सराए निवासी अर्जुन के साथ की थी। आरोप है कि उसका दामाद दहेज के लिए उसकी पुत्री को प्रताड़ित करता था। दहेज में बाइक की मांग किया करता था। उसका दामाद उसकी पुत्री से कहता था कि मायके वालों ने दहेज में कुछ नहीं दिया है। उसका आरोप है कि गुरुवार को उसका दामाद उसकी बेटी महिमा को लेकर घर पर आया। उसने घर पर उसकी बेटी को मारने पीटने लगा। उसके पुत्र ने अपनी बहन को बीच बचाव कराया करा दिया था। गुरुवार की दोपहर साढ़े 12 बजे अर्जुन उसकी पुत्री को लेकर शाहजहांपुर रिश्तेदारी में बाइक से लेकर चल दिया। आरोप है कि कांट थाना क्षेत्र में भंडेरी गांव के सामने उसकी पुत्री को चलती बाइक से धक्का दे दिया, जिससे उसकी पुत्री महिमा की मौत हो गयी। आरोप है कि दामाद ने साजिश के तहत उसकी बेटी को मार डाला है। मृतका के पिता से जलालाबाद पुलिस ने कहा कि कांट थाना क्षेत्र की घटना है, वहीं पर मुकदमा दर्ज होगा। जबकि जलालाबाद कोतवाली में भी केस दर्ज हो सकता था। पोस्टमार्टम के बाद शाम साढ़े छह बजे परिवार वालों ने सोलंकी धर्मकांटा के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गयी।

863

प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उनकी मृतका के परिवार वालो से शव हटाने को लेकर नोकझोंक हुई। इस दौरान हुई धक्का मुक्की को लेकर पुलिस ने जाम लगाए परिवार और अन्य लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने परिजनों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर घटना के तुरंत बाद ही वायरल होने लगा। उसके बाद भी परिवार वालों ने शव नहीं हटाया। जलालाबाद तहसीलदार अनुराग दुबे रात आठ बजे पहुंचे और समझाने का प्रयास कर रहे है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रिपोर्ट दर्ज करके विवेचना करके कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि लाठीचार्ज नहीं हुआ है और भीड़ को खदेड़ा गया था। 

पति ने कई बार पीटा, नाक से बहने लगा था खून
मृतका के परिजनों ने बताया कि वह तो सिर्फ न्याय की मांग कर रहे हैं। पति ने साजिशन मार डाला है। आरोपी पति उसे अक्सर मारता था। गुरुवार को महिमा भाई दूज के लिए आई थी। इस दौरान भी पति ने उसे पीटा और रुपये की मांग की। आरोपी ने मायके से ससुराल जाते समय रास्ते में भी विवाहिता को पीटा। जिससे उसकी नाक से लगातार खून बह रहा था। इस सब के बाद भी पति का दिल नहीं भरा तो उसने चलती सड़क पर वाहन के सामने फें कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी पति का कहना है कि बाइक में बैग फंसने के चलते हादसा हुआ जबकि बैग तो आगे बाइक की टंकी पर रखा था। जहां से गिरने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। पुलिस न्याय नहीं कर रही है। इसके पीछे भ्रष्टाचार है। जब परिजनों ने शव सड़क पर रखकर न्याय मांगना चाहा तो लाठीचार्ज कर दिया गया। यह सरासर अन्याय है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे कुछ भी हो जाए वह न्याय के लिए लड़ते रहेंगे। 

862

जाम में दो घंटे तक वाहन फंसे रहे
कांट-जलालाबाद मार्ग पर सोलंकी धर्मकांटा के पास शव रखकर जाम लगा देने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी। जाम में रोडवेज की बसें, ट्रक, कार आदि वाहन बुरी तरह फंस गए। कांट पुलिस ने मदनापुर रोड से वाहनों का डायवर्जन कर दिया। सबसे अधिक परेशानी बाइक सवार लोगों को हुई है, जो जाम में निकल नहीं पा रहे थे। 

एफआइआर मिलने पर खुला जाम 
सीओ जलालाबाद अजय कुमार राय दो घंटे बाद जाम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिवार वालों को एफआईआर की कापी दी। उसके बाद जाम खुला। उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना की विवेचना करके कार्रवाई की जाएगी। इधर सीओ ने बताया कि पुलिस ने कोई लाठी चार्ज नहीं किया, बल्कि खदेड़ दिया था। 

परिवार वालों ने शव रखकर जाम लगा दिया था। पुलिस ने कोई लाठी चार्ज नहीं किया, बल्कि भीड़ को सड़क पर से हटाया गया था। तहरीर मिलने के बाद एफआईआर दर्ज हो गयी है। विवेचना करके वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। -राजेश द्विवेदी, एसपी। 

संबंधित समाचार