UP : जुगाड़ का जमघट जनादेश के पनघट पर होगा चारों खाने चित-नकवी
रामपुर, अमृत विचार। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बिहार चुनाव में कांग्रेस और उसके गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जुगाड़ का जमघट जनादेश के पनघट पर चारों खाने चित होगा। चुनावी संग्राम में सामन्ती सुल्तानों की खटा-खट हडबड़ी, फटा-फट गडबड़ी वाली,जलेबी की रील और जुगाड़ की डील चुनावी गणित गच्चा खाएगी। मोदी फोबिया ने कांग्रेस को घर से घरौंदा,घरौंदे से घोंसले में सिमटा दिया है। कभी मुल्क की रही पार्टी मोहल्ले की होती जा रही है। हार की हताशा में कांग्रेस हिट एन्ड रन का तमाशा बन गई है।
हाईवे स्थित गेस्ट हाउस में रविवार की दोपहर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बिहार में हो रहे चुनाव में कांग्रेस और महागठबंधन को निशाने पर रखा। कहा कि गठबंधन की गठरी में जितना छेद है उससे अधिक उसमें सत्तालोलुप मतभेद है,छेद को रफू करने, मतभेद को रफूचक्कर करने में चुनाव भी निपट जाएगा और गठबंधन भी सिमट जाएगा। अमृत विचार के एक सवाल की चुनाव में फ्रेंडली फाइट का क्या अर्थ है। जवाब में कहा कि यह महागठबंधन हाथ मोड़कर हुआ है। कुछ छद्म सेक्युलर छल छत्रपों नें भारतीय मुसलमानों के बीच भाजपा को अछूत बनाने की सियासी साजिश ने मुसलमानों को राजनैतिक हाशिए पर खड़ा कर दिया है।
मुसलामानों का वोट लेने वाले राजनैतिक दलों ने फुटकर में भी उनका सामाजिक,शैक्षणिक,आर्थिक और सियासी सशक्तिकरण नहीं किया। बस भाजपा के प्रति भय-भ्रम का भंवरजाल खड़ा कर भाजपा हराने के रिवाज और मिजाज को खाद पानी देते रहे। वहीं भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों ने वोट में कंजूसी के बावजूद विकास में किसी के साथ कमीं नहीं की है। कहा कि गठबंधन सामन्ती सनक से नहीं सियासी समझ से सफल होता है।
यदि कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलता तो वह अपने साथियों को दूध की मक्खी की तरह निकाल फेंकती, क्योंकि गठबंधन धर्म निभाना न कांग्रेस का रिवाज है न मिजाज है। दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भी वर्ष 2027 के चुनावी समर में सत्तालोलुप सुल्तानों का सुरूर और गुरूर फिर एक बार चकनाचूर होगा। मुसलमानों को भी भाजपा हराओ रिवाज मिजाज पर आत्मचिंतन करना होगा,वर्ना भाजपा से दूरी को छद्म सेक्युलर सिंडिकेट मुसलमानों की मजबूती बना उनका राजनैतिक शोषण करता रहेगा।
