टेक अपडेट: व्हाट्सएप का नया फीचर, चैट स्टोरेज मैनेजमेंट

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

आपका फोन बार-बार “स्टोरेज फुल” का नोटिफिकेशन दिखाता है और आप व्हाट्सएप का डेटा डिलीट करते-करते परेशान हो चुके हैं, तो अब राहत मिलने वाली है। व्हाट्सएप जल्द ही एक ऐसा नया फीचर लेकर आ रहा है, जिसकी मदद से यूजर हर चैट की स्टोरेज को अलग-अलग मैनेज कर सकेंगे। यानी अब किसी खास चैट या ग्रुप में कौन-सी फोटो, वीडियो या डॉक्यूमेंट सबसे ज्यादा जगह ले रही है, यह जानकारी सीधे उसी चैट से मिल जाएगी।

क्या है फीचर

WaBetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाट्सएप अपने नए अपडेट में “मैनेज स्टोरेज” नाम का एक विकल्प जोड़ने की तैयारी कर रहा है। यह फीचर हर चैट या ग्रुप के चैट इंफो पेज पर मिलेगा। इसके जरिए यूजर यह देख पाएंगे कि किसी विशेष चैट या ग्रुप ने फोन की कितनी स्टोरेज घेर रखी है। यूजर को यह समझना आसान होगा कि कौन-सी फाइलें ज्यादा जगह ले रही हैं और किन्हें हटाया जा सकता है।

क्यों खास है यह फीचर?

अभी तक व्हाट्सएप में केवल एक ग्लोबल स्टोरेज मैनेजमेंट फीचर मौजूद है, जो पूरी ऐप की मीडिया फाइल्स को एक साथ दिखाता है। इससे बार-बार सेटिंग्स में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और बड़ी फाइल्स को हटाना बहुत आसान हो जाएगा। यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगा, जो कई ग्रुप चैट्स में एक्टिव रहते हैं, जहां रोजाना ढेर सारी फोटो और वीडियो शेयर होती हैं, जो मिलकर फोन की मेमोरी जल्दी भर देती हैं।

कब मिलेगा यह नया अपडेट

फिलहाल यह फीचर iOS बीटा वर्जन में कुछ चुनिंदा यूजर्स के लिए उपलब्ध है। कंपनी ने इसे धीरे-धीरे Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए रोलआउट करना शुरू कर दिया है। आने वाले कुछ हफ्तों में यह अपडेट सभी यूजर्स तक पहुंचने की संभावना है।