बाराबंकी : महादेवा में दूसरे दिन भी गरजा बुलडोजर, करोड़ों की अवैध दुकानें-मकान जमींदोज
रामनगर, बाराबंकी, अमृत विचार : लोधेश्वर महादेवा में शिवार्चन तालाब की सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई दूसरे दिन रविवार को भी जारी रही। न्यायालय के आदेश के बाद जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद तहसील प्रशासन ने करोड़ों रुपये की लागत से बनी अवैध दुकानों और मकानों को ध्वस्त करना शुरू कराया।
कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। अतिक्रमण हटने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अब 16 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण करेगा, जिससे लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर परियोजना को भी नई रफ्तार मिलेगी। शुक्रवार को न्यायालय के आदेश के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल ने शनिवार को प्रशासनिक अमले के साथ गाटा संख्या 54 पर चल रहे अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई थी। दूसरे दिन रविवार को भी पांच जेसीबी और पोकलैंड मशीनें लगातार अवैध निर्माणों को गिराने में लगी रहीं।
देर शाम तक डंपरों से मलबा हटाने का कार्य जारी रहा। यह भूमि शिवार्चन तालाब (जलहरी कुंड) के पास स्थित है, जहां रियाज अहमद समेत 13 लोगों ने अवैध रूप से दुकानों और एक कॉम्प्लेक्स का निर्माण करा लिया था। पूर्व में तत्कालीन उपजिलाधिकारी पवन कुमार ने धारा 133 के तहत अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे, जिस पर कब्जाधारकों ने न्यायालय का सहारा लिया था। शासकीय अधिवक्ता अमित कुमार अवस्थी ने बताया कि कुछ याचिकाकर्ताओं ने अपनी याचिकाएं वापस ले लीं और पैरवी तक नहीं की। हालांकि अब प्रशासनिक कार्रवाई से लोधेश्वर धाम की भूमि अतिक्रमण मुक्त हो गई है।
यह भी पढ़ें : बाराबंकी : विशेष मतदाता पुनरीक्षण में ताकत झोंकेगी भाजपा, तैयारी बैठक में सौंपी गई जिम्मेदारी
