बारिश के चलते किसानों को हुआ नुकसान, धान के पुवाल पड़े काले...दानों में होने लगी सड़न
बीकापुर/गोसाईगंज,अयोध्या, अमृत विचार। खेतों में काटकर सूखने के लिए छोड़ी गई फसल बीते दिनों हुई बेमौसम बारिश से भीग गई है। इससे धान के पुवाल काले पड़ गए हैं और उनमें सड़न पैदा हो गई है। दाने भी भीग कर खराब हो चुके हैं। अब धूप निकलने के बाद किसान बची खुची फसल को सहेजने में लगे हुए हैं।
इसके अलावा कुछ किसानों द्वारा रवि की बुवाई के लिए अपने खेतों में आलू, मसूर और सरसों की बुवाई भी की जा चुकी है। बरसात से बोई गई फसलों के लिए अंकुरण में दिक्कत पैदा हुई है। किसान रामचंदर, दिलीप यादव, कनिकराम आदि का कहना है कि खेतों में पानी भर जाने से बीज खराब जाएंगे और अंकुरित नहीं होंगे दोबारा बुवाई करनी पड़ेगी।
गोसाईगंज क्षेत्र के किसान प्रदीप तिवारी, राजू सिंह व शुभम सहित अन्य ने बताया कि वर्षा से खेतों में कटाई के बाद रखी धान की फसल सड़ने लगी है। नमी और जलभराव के कारण सरसों की बुवाई भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। कहा कि इस स्थिति से अगली गेहूं की बुवाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा, क्योंकि खेतों में लंबे समय तक पानी ठहरने से मिट्टी की उपजाऊ क्षमता घट रही है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा, सदर अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, ओम नारायण वर्मा और जसवंत राव ने जिला प्रशासन से प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजे की मांग की है।
