Rampur: सर्द हवाओं से लुढ़का पारा...न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस
रामपुर, अमृत विचार। शुक्रवार की शाम ढले पारा लुढ़क गया और ठंडी हवाएं चलने से लोग गर्म कपड़ों में लिपट गए। हालांकि दिन में सूरज चमकता रहा, लेकिन शाम ढलते मौसम बदल गया। सर्दी बढ़ने से बाजारों में दुकानें भी जल्दी बंद होने लगीं हैं।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. उदय प्रताप शाही ने सर्दी और बढ़ने का अनुमान जताया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और हिमपात हो सकता है। जिसके कारण दो दिन बाद रात्रि के तापमान में 3 डिग्री तक पारा लुढ़कने का अनुमान है। शुक्रवार को पूरे दिन सूर्यदेव चमकते रहे, लेकिन शाम ढले सर्दी बढ़ गई और लोगों ने गरम कपड़े पहन लिए।
पारा लुढ़कने से गर्म कपड़ों का कारोबार चमक गया है। सड़कों के किनारे कंबल बेचने वालों की दुकानें सज गई हैं। शुक्रवार की शाम अधिकतम तापमान 19 डिग्री जबकि, न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया। आर्द्रता 98 प्रतिशत और 10 किमी की रफ्तार से सर्द हवा चलती रही।
