बाइक को भी चाहिए विंटर केयर  ठंड में स्टार्टिंग प्रॉब्लम सॉल्यूशन

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

सर्दियों का मौसम शुरू होते ही बाइक का भी हाल कुछ वैसा ही हो जाता है, जैसा हमारा- ठंड लगते ही सबकुछ सुस्त पड़ जाता है। जैसे इस मौसम में आपको स्किन केयर की जरूरत होती है, वैसे ही बाइक को भी स्पेशल विंटर केयर चाहिए। अगर आपकी बाइक स्टार्ट होने में ज्यादा टाइम ले रही है या सेल्फ काम नहीं कर रहा, तो घबराइए नहीं। यहां जानिए कुछ आसान उपाय, जिनसे बाइक झटपट स्टार्ट होगी और ठंड में भी आपका सफर बेफिक्र रहेगा।

स्पार्क प्लग करें चेक

बाइक इंजन के ऊपरी हिस्से में व्हाइट कलर का स्पार्क प्लग होता है, जो इंजन को इग्निशन देता है। ठंड में या लंबे समय तक न चलाने पर यह वायर ढीला हो सकता है या उस पर डस्ट जम सकती है। ऐसे में स्पार्क प्लग निकालें, कपड़े से साफ करें और अच्छी तरह टाइट करें। इसके बाद बाइक स्टार्ट करने की कोशिश करें। फर्क तुरंत नजर आएगा।

इंजन कट-ऑफ स्विच भूल गए

कई बार बाइक को बंद करते वक्त लोग इंजन कट-ऑफ स्विच (रेड कलर वाला बटन) यूज करते हैं और बाद में उसे ऑन करना भूल जाते हैं। ऐसे में चाहे आप कितनी भी किक मार लें, बाइक स्टार्ट नहीं होगी। ऐसे में जब बाइक स्टार्ट न हो, तो सबसे पहले इंजन स्विच की पोजिशन चेक करें।  छोटी सी गलती बड़ी परेशानी से बचा सकती है।

बैटरी की जांच करें

ठंड में बैटरी जल्दी डिस्चार्ज हो जाती है। अगर आपकी बाइक का सेल्फ काम नहीं कर रहा, तो संभावना है कि बैटरी कमजोर या खत्म हो चुकी है। इस स्थिति में बाइक को मेन स्टैंड पर लगाएं, चौथे गियर में डालें और पीछे का पहिया तेजी से घुमाएं। इस “जंप-स्टार्ट” तरीके से कई बार बाइक तुरंत स्टार्ट हो जाती है।

फ्यूल और क्लच की स्थिति देखें

कई बार छोटी-सी लापरवाही जैसे पेट्रोल खत्म होना या बाइक का गियर न्यूट्रल में न होना, स्टार्टिंग की समस्या बन जाती है। ऐसे में आप बाइक स्टार्ट करते समय पेट्रोल लेवल जरूर देखें और गियर न्यूट्रल करें। क्लच लिवर को ठीक से दबाएं ताकि इंजन स्मूथ इग्निशन दे सके।

एयर फिल्टर की सफाई जरूरी

बाइक चलाते समय झटका महसूस हो रहा है या इंजन रुक-रुक कर चल रहा है, तो समझ लें कि एयर फिल्टर में धूल या नमी जमा हो गई है। ऐसे में एयर फिल्टर को सर्विस सेंटर पर साफ करवाएं या जरूरत हो तो नया लगवाएं। साफ फिल्टर से बाइक का परफॉर्मेंस और माइलेज दोनों बेहतर होता है।