Bareilly : कर्ज चुकाने के लिए किया था सहपाठी ने एमबीबीएस छात्र का अपहरण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। फतेहगंज पश्चिमी स्थित मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस के तृतीय वर्ष के छात्र का किसी और ने नहीं बल्कि उसके सहपाठी ने ही बाहरी युवकों के साथ मिलकर अपहरण किया था। छात्र को घंटों चलती कार में घुमाते हुए धमकाया गया। उसके मोबाइल से यूपीआई के जरिये 60 हजार रुपये भी ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस सहपाठी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने कर्ज चुकाने के लिए अपहरण की योजना बनाई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

राजश्री मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र गौरव वरपे निवासी सोनई गांव अहिल्यानगर महाराष्ट्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि कॉलेज में कुछ साथियों के बीच यह चर्चा फैली कि उसके बैंक खाते में करोड़ों रुपये हैं। उसने कई बार मजाक कहकर बात को टाल दिया, लेकिन रविवार शाम इसी अफवाह ने उसे मुसीबत में डाल दिया। गौरव अपने दो सहपाठियों दिविज बहल और गौरवेंद्र सिंह के साथ स्कूटी से घूमने निकला था। राधाकृष्ण मंदिर के पास ईको कार आकर रुकी और उसमें सवार बदमाशों ने तीनों को जबरन उठा लिया। 

चलते वाहन में गौरव को घंटों धमकाया गया और मोबाइल से यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिये 60 हजार रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए गए। आरोप है कि बदमाशों के साथ उसका सहपाठी दिविज बहल भी शामिल था। दिविज ने ही पिता और उसके दोस्त कपिल को फोन कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी और धमकी दी कि पुलिस को सूचना दी तो बेटे की जान ले लेगा।

एमबीबीएस छात्र के हॉस्टल से लापता होने की सूचना में तलाश में जुटी पुलिस की गाड़ियां देखकर अपहर्ता गौरव को सड़क किनारे छोड़ फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया कि गौरव के अपहरण की साजिश दिविज बहल ने ही रची थी। वह काफी कर्ज में डूबा है। कर्ज चुकाने के लिए उसने गौरव के अपहरण की योजना बनाई थी। पुलिस ने गौरव की तहरीर पर पीलीभीत निवासी दिविज बहल और सोनू को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

संबंधित समाचार