Bareilly : एयरफोर्स स्टेशन में वायु सैनिक ने माथे पर पिस्टल से मारी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित एयरफोर्स स्टेशन में तैनात वायु सैनिक ने शुक्रवार सुबह परिसर स्थित कार्यालय में सर्विस पिस्टल से माथे में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। ऑफिस में खून से लथपथ उसका शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वायु सैनिक की पहचान पंजाब के लुधियाना जिले के अकलगढ़ निवासी शुभम कुमार (25) के रूप में हुई है।

इज्जतनगर थाना प्रभारी बिजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि एक वायु सैनिक ने पिस्टल से खुद के माथे पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि शुभम कुमार गुरुवार शाम 7:30 बजे से शुक्रवार सुबह 7:00 बजे तक ड्यूटी पर तैनात था। ड्यूटी खत्म होने के कुछ देर बाद ही सुबह करीब आठ बजे उसका शव ऑफिस में मिला। उसके माथे में गोली लगी थी और पास ही उसकी सर्विस पिस्टल पड़ी हुई थी।

 मौके पर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंच कर घटनास्थल की बारीकी से जांच की और पिस्टल को कब्जे में लिया। एयरफोर्स अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है।

 

संबंधित समाचार