पीलीभीत: बरखेड़ा के बाद घुंघचिहाई में गोमांस तस्कर सक्रिय, 72 घंटे में दूसरी घटना...अवशेष मिलने से हड़कंप
घुंघचिहाई, अमृत विचार। अभी कुछ दिन पहले ही बरेली मार्ग पर बरखेड़ा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हुई गोकशी की घटना सामने आई थी। इसके बाद अब घुंघचिहाई क्षेत्र में गोमांस तस्कर वारदात को अंजाम दे रहे है। तीन दिन में दूसरी घटना सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना क्षेत्र के ग्राम मदारपुर में हुई। यहां के रहने वाले सेवक सिंह के गन्ने के खेत में रविवार सुबह गाोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले। इसकी सूचना मिलने पर महाकाल एक्टिव सेना के जितिन गुप्ता, नतिन गुप्ता, सन्नी गुप्ता, राष्ट्रीय बजरंग दल के ठाकुर शिवम भदौरिया समेत कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। बताते हैं कि इस स्थान से चंद कदम की दूरी पर शुक्रवार को भी गोवंशीय पशु के अवशेष मिले थे।
जिसकी अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी थी। मगर, पुलिस तस्करों तक पहुंच पाती इससे पहले ही दूसरी वारदात सामने आ गई। घटना पर नाराजगी जताते हुए सूचना पुलिस को दी गई। एसओ प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और जानकारी की। गोकशी करने वालों पर सख्त एक्शन लेने की मांग की गई। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
