पेरोल पर छूटने के बाद कोलकाता में टैक्सी बाइक चला रहा माफिया सोहराब गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस और STF की टीम ने दबोचा
लखनऊ, अमृत विचार। करीब पांच माह से फरार चल रहे सीरियल किलर सोहराब को दिल्ली पुलिस व एसटीएफ ने कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। वह पिछले पांच माह से फर्जी पहचान पत्र बनवाकर कोलकाता में रहने लगा था। खर्च चलाने के लिए टैक्सी बाइक चला रहा था। सोहराब पर उत्तर प्रदेश में 30 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके मददगारों की तलाश में लगी है।
वर्ष 2005 में लखनऊ में एक ही दिन में तीन हत्याएं करने के मामले में जेल से पेरोल पर बाहर आया सोहराब बीती एक जुलाई को फरार हो गया था। ताबड़तोड़ तीन हत्याओं से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले सोहराब और उसके दोनो भाई सलीम और रुस्तम भी तिहाड़ जेल में बंद थे। कोर्ट ने सीरियल किलर भाइयों में सबसे छोटे सोहराब को पैरोल दिया था। जेल से रिहा होने के बाद वह पत्नी से मिला। एक जुलाई को पेरोल अवधि खत्म हो गई थी, लेकिन वह वापस जेल नहीं लौटा था। इस पर तिहाड़ जेल से दिल्ली पुलिस को सूचना दी थी।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने यूपी एसटीएफ से संपर्क किया। दोनों टीमें तलाश में जुटी थी। पेरोल पर सोहराब के फरार होने से एक बार फिर तीनों भाई चर्चा में आ गए थे। सोहराब के फरार होने के बाद इन्हें फिर से प्रदेश स्तर की माफिया निगरानी सूची में शामिल कर दिया गया था।
दिल्ली व यूपी एसटीएफ की चार टीमें कर रही थी तलाश
सोहराब की तलाश में दिल्ली पुलिस की स्पेशल की टीम के साथ-साथ एसटीएफ की अलग-अलग तीन टीम लगी थी। सूचना के आधार पर दोनों टीम ने कोलकाता में टैक्सी बाइक चलाते हुए गिरफ्तार किया है। उसके पास से फर्जी आइडी मिली, जिसकी मदद से वह कोलकाता में रह रहा था। सूत्र बताते हैं कि टीम यह पता लगा रही हैं कि उसकी फर्जी आइडी बनाने में किसने मदद की थी? उसका पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल दिल्ली पुलिस सोहराब को अपने साथ ले गई है। गवाहों को खतरा न हो इसके लिए वीडियो कान्फ्रेसिंग में पेशी होती थी, अचानक पेरोल मिलने पर मुकदमे के गवाह भी डरे-डरे घूमते थे। तिहाड़ जेल से पैरोल पर छूटने के बाद सोहराब पत्नी के साथ मुरादाबाद गया था। वहां कुछ दिन रूकने के बाद वाया लखनऊ होते हुए नेपाल तक गया था। ऐसे में वहा किससे-किससे मिला? किसके साथ रूका था? यह पूछताछ कर जानकारी हांसिल की जाएगी।
ये भी पढ़े :
21st BBD League: क्रिकेट क्लबों ने दिखाया पूरा दमखम, इन टीमों ने हासिल किये पूरे अंक
