बाराबंकी : बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने किया शुभारंभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। बनीकोडर ब्लॉक में आयोजित बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने कहा कि खेल और पढ़ाई का संतुलन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। विशिष्ट अतिथि बीएसए संतोष देव पांडेय ने खेलों को एकता और समर्पण की भावना का आधार बताया।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी डॉ. विनय मिश्र, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रविकांत वर्मा और जिला पंचायत सदस्य अभिषेक वर्मा ने बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा की। खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार राय ने प्रतियोगिता की रूपरेखा और गतिविधियों की जानकारी दी। न्याय पंचायतों के बच्चों ने दौड़, लंबी कूद, भाला फेंक, कबड्डी, खो-खो, योग, समूह नृत्य, सुलेख, रंगोली और शतरंज जैसी कई विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। प्राथमिक स्तर की दौड़ में पीएस रामसनेहीघाट प्रथम रहा, जबकि रंगोली में यूपीएस रामसनेहीघाट ने बढ़त बनाई।

समूह नृत्य में पीएस रामसनेहीघाट द्वितीय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। योग व सूर्य नमस्कार में यूपीएस रामसनेहीघाट शीर्ष पर रहा, वहीं हिंदी व अंग्रेजी सुलेख में कंपोजिट विद्यालय दिलोना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ओवरऑल में बनीकोडर प्रथम तथा मऊगोरपुर द्वितीय रहा। प्रतियोगिता में शिक्षकों, अभिभावकों और पंचायत प्रतिनिधियों की व्यापक उपस्थिति रही। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार राय ने विजेता बच्चों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

3

उबड़-खाबड़ मैदान में खेलते रहे छात्र

रामसनेहीघाट: पायका मैदान में आयोजित बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025 में छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ खड़े हुए हैं। बनीकोडर शिक्षा क्षेत्र के मिनी स्टेडियम का मैदान उबड़-खाबड़ और जोते हुए होने के कारण बच्चों के गिरने और चोट लगने का खतरा बना रहा।

मौके पर शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे, लेकिन असुरक्षित मैदान पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। खंड शिक्षा अधिकारी ने सफाई देते हुए कहा कि मैदान समतल कराने के लिए जोता गया था और पानी डलवाकर ठीक किया गया। इसके बावजूद अव्यवस्थित और जोखिम भरे मैदान पर प्रतियोगिता कराना विभाग की बड़ी लापरवाही मानी जा रही है।

संबंधित समाचार