बाराबंकी: एसआईआर में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, रुकेगा वेतन, डीएम ने बूथों का किया निरीक्षण, स्वयं भरवाए फॉर्म
बाराबंकी, अमृत विचार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में अब तेजी देखी जा रही है। गुरुवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने विधानसभा सदर क्षेत्र के सेंट्रल अकेडमी विद्यालय स्थित बूथ संख्या 236, 237, 238 और 239 का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और सुपरवाइजर, बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि जहां भी खामियां पाई जाएंगी, संबंधित के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले लापरवाही पाए जाने पर तीन बीएलओ को निलंबित किया जा चुका है और दर्जनों का वेतन/मानदेय रोका गया था। इसके बाद अभियान की रफ्तार में तेज़ी आई है। जिलाधिकारी ने कहा कि समय पर कार्य पूरा न करने पर नवंबर माह का वेतन रोकते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कई मतदाता बीएलओ को फॉर्म भरने के लिए आवश्यक जानकारी नहीं दे रहे हैं, जिससे उनका नाम मतदाता सूची से कटने का खतरा हो सकता है।
डीएम ने मौके पर ही एक मतदाता का फॉर्म स्वयं भरवाकर अभियान की गंभीरता का संदेश दिया। इसके अलावा, जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को बीएलओ ऐप का एडवांस वर्जन डाउनलोड कर उसका नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और गणना प्रपत्र के वितरण व संकलन की ऑनलाइन प्रगति प्रतिदिन अपडेट करने को कहा।
वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नामों का वर्तमान सूची से मिलान भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह, सुपरवाइजर और बीएलओ उपस्थित रहे।
