स्मृति मंधाना की शादी पर ग्रहण: पिता के बाद दूल्हे पलाश मुच्छल की तबीयत ने बढ़ाई चिंता, अस्पताल में भर्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की धाकड़ बल्लेबाज स्मृति मंधाना के लिए खुशियों का दौर अचानक उदासी में बदल गया। विश्व कप विजेता कप्तान के रूप में चमक चुकीं स्मृति 23 नवंबर 2025 को संगीतकार पलाश मुच्छल से शादी के बंधन में बंधने वाली थीं। लेकिन शादी के दिन ही उनके पिता श्रीनिवास मंधाना की अचानक खराब तबीयत ने सबकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब इस मुश्किल घड़ी में एक और झटका लगा, जब पलाश मुच्छल को भी स्वास्थ्य समस्या के चलते अस्पताल ले जाना पड़ा।

शादी की रस्में रुकीं, परिवार में सन्नाटा छा गया

संगली में होने वाली इस निजी शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। हल्दी, मेहंदी और संगीत जैसे फंक्शंस में स्मृति की टीममेट्स जेमिमाह रॉड्रिग्स, राधा यादव, शेफाली वर्मा और रिचा घोष जैसी खिलाड़ियां शामिल हुईं। सोशल मीडिया पर इन आयोजनों की झलकियां वायरल हो रही थीं, जहां स्मृति और पलाश पारंपरिक परिधानों में नाचते-गाते नजर आ रहे थे। लेकिन शादी वाले दिन सुबह नाश्ते के दौरान श्रीनिवास मंधाना को सीने में तेज दर्द हुआ। परिवार ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और उन्हें सरस्वती अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया।

स्मृति के मैनेजर तुहिन मिश्रा ने बताया कि सुबह से ही पिता की हालत ठीक नहीं लग रही थी। पहले तो सबने सोचा कि आराम से सुधार हो जाएगा, लेकिन दर्द बढ़ने पर जोखिम नहीं लिया गया। स्मृति, जो अपने पिता से बेहद लगाव रखती हैं, ने तुरंत शादी स्थगित करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि पहले पिता पूरी तरह स्वस्थ हों, उसके बाद ही विवाह होगा। परिवार ने इस कठिन समय में निजता का अनुरोध किया है।

पलाश मुच्छल को भी अस्पताल, लेकिन खतरा टला

शादी टलने के एक दिन बाद, यानी 24 नवंबर को, पलाश मुच्छल की तबीयत भी बिगड़ गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें वायरल संक्रमण और गंभीर एसिडिटी की समस्या हुई। स्ट्रेस के कारण उनकी सेहत पर असर पड़ा, खासकर स्मृति के पिता की हालत से गहरी चिंता के चलते। पलाश, जो श्रीनिवास से बहुत जुड़े हुए हैं, ने खुद ही शादी टालने का पहला सुझाव दिया था।

सौभाग्य से, उनकी स्थिति गंभीर नहीं थी। डॉक्टरों की जांच के बाद कुछ घंटों में ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। अब वे मुंबई लौट चुके हैं और आराम कर रहे हैं। पलाश की मां अमिता मुच्छल ने बताया कि बेटा स्मृति के पिता से इतना भावुक रूप से जुड़ा है कि उनकी बीमारी ने उसे गहरा सदमा दिया। फिलहाल, दोनों परिवार स्वास्थ्य सुधार पर फोकस कर रहे हैं।

फैमली डॉक्टर ने कहा-

स्मृति के फैमिली डॉक्टर नमन शाह ने बताया कि श्रीनिवास मंधाना के ईसीजी और अन्य टेस्ट में कार्डियक एंजाइम्स बढ़े हुए पाए गए हैं। उनका ब्लड प्रेशर भी ऊंचा है, जिसे नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। उन्हें कुछ दिनों तक ऑब्सर्वेशन में रखा जाएगा। अगर जरूरत पड़ी, तो एंजियोग्राफी की जा सकती है। हृदय रोग विशेषज्ञ रोहित ठेनेडार भी उनकी जांच कर रहे हैं। मिश्रा ने जोड़ा कि स्मृति पिता के पूर्ण रिकवरी का इंतजार करेंगी, भले ही शादी में कितना भी समय लगे।

सोशल मीडिया पर सन्नाटा, फैंस दुआएं मांग रहे

इस घटनाक्रम के बीच स्मृति ने अपने इंस्टाग्राम से सगाई, प्रपोजल और शादी से जुड़े सभी पोस्ट हटा लिए, जो फैंस के लिए और चिंताजनक है। पलाश ने DY पाटिल स्टेडियम में स्मृति को 'मुन्नाभाई' स्टाइल में प्रपोज किया था, जो वायरल हो गया था। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी शादी के लिए बधाई पत्र लिखा था, जिसमें स्मृति की 'कवर ड्राइव' और पलाश की 'संगीतमय सिम्फनी' की तुलना की थी।

संबंधित समाचार