बारातियों पर दबंगों ने लाठी डंडों से किया हमला: वाहनों में तोड़फोड़... रंजिश के चलते घटना को दिया अंजाम, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। शादी निपटाकर लौट रहे बारातियों पर घात लगाए दबंगों ने लाठी डंडे से हमला करने के साथ ही वाहनों में तोड़फोड़ की। हमले में कईयों को गहरी चोटें आईं। सूचना पाकर दूल्हे के भाई ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। सतरिख थाना क्षेत्र के ग्राम बरकटही में रविवार रात बारातियों पर हुए हमले से हड़कंप मच गया। 

जानकारी के अनुसार लोनीकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम मझेर निवासी हंसराज के भाई पिंक राज निषाद की बारात 23 नवंबर को बरकटही गांव आई थी। रात करीब 1 बजे भोजन के बाद चार गाड़ियां वापस लौट रही थीं कि तभी लगभग 100 मीटर आगे बढ़ते ही कुछ लोगों ने हमला कर दिया। 

पीड़ित हंसराज के मुताबिक बरकटही गांव के राजेन्द्र पुत्र जगन्नाथ, अंगद पुत्र जगन्नाथ, छोटू पुत्र अंगद, राजू पुत्र चंदी, मंगल पुत्र ओरी और पंकज पुत्र राजू लाठी-डंडा व ईंट लेकर पहले से घात लगाकर खड़े थे। उन्होंने बारात की गाड़ियों को तोड़ना शुरू कर दिया। 

विरोध करने पर जाटा बरौली निवासी बहादुर पुत्र कैलास के सिर पर लाठी के वार से गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा कुछ अन्य लोग भी घायल हुए, जो डर की वजह से अपने-अपने घर चले गए। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने नौमीलाल निषाद से रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया तथा बारातियों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


ये भी पढ़े :
पसमांदा मुस्लिम महाज का सपा पर हमला: भाजपा को बदनाम कर रहे अखिलेश, पीडीए की राजनीति फर्जी और धर्म आधारित 

 

 

संबंधित समाचार